टीचर की डांट के बाद रोने लगा LKG का मासूम, खांसते-खांसते गिरा और चली गई जान… घटना CCTV में कैद घटना

विशाखापट्टनम के एक स्कूल में छह साल के LKG छात्र की अचानक मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है। परिवार ने शिक्षक पर होमवर्क को लेकर डांटने और कथित मारपीट का आरोप लगाया है। घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 21 August 2026, 2:48 PM IST
google-preferred

Visakhapatnam: विशाखापट्टनम के लिटिल गार्डन स्कूल में LKG के छह वर्षीय छात्र प्रणय तेज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला गंभीर होता जा रहा है। परिवार का आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर शिक्षक ने बच्चे को डांटा और उसके साथ कथित तौर पर मारपीट भी की। इसके बाद बच्चा घबरा गया, रोने लगा और कुछ ही देर में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

परिजनों के अनुसार, बच्चा रोते-रोते खांसने लगा और फिर शिक्षक के ऊपर गिरकर बेहोश हो गया। उसकी हालत देखकर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार का दावा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे की मौत हो चुकी थी।

CCTV में दिखी घटना

घटना से जुड़े CCTV फुटेज पुलिस के कब्जे में हैं। परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के बीच फुटेज को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि फुटेज में शिक्षक बच्चे को डांटते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि, CCTV में दिखाई देने वाली स्थिति और बच्चे की मौत के बीच सीधा संबंध अभी जांच का विषय है।

ये भी पढ़ें- Video: ‘स्कूल ठीक करो’ मुहिम के दौरान जयपुर के ग्रामीण भड़के, CJP टीम को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चे की तबीयत आखिर किस वजह से अचानक बिगड़ी। मामले में स्कूल में मौजूद लोगों के बयान, CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

परिवार ने मांगी कड़ी कार्रवाई

मासूम की मौत के बाद परिवार में गम और गुस्से का माहौल है। परिजनों का कहना है कि उनका बच्चा स्कूल पढ़ने गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौट सका। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अगर आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद स्कूल के माहौल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर कक्षा में बच्चे के साथ उस समय क्या हुआ था और उसकी हालत इतनी तेजी से कैसे बिगड़ी।

ये भी पढ़ें- रात में मच्छरों से हैं परेशान? इन आसान तरीकों से तुरंत भगाएं बाहर

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस के मुताबिक, बच्चे की मौत की वास्तविक वजह मेडिकल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ज्यादा स्पष्ट हो सकेगी। जांच एजेंसियां उपलब्ध सभी तथ्यों को जोड़कर घटनाक्रम की कड़ी समझने की कोशिश कर रही हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम कुमार ने घटना को गंभीर और दुखद बताया है। उनके मुताबिक, शिक्षक द्वारा कथित मारपीट के बाद छात्र की अचानक मौत की सूचना मिली थी। जानकारी मिलने के बाद एंबुलेंस भेजी गई, लेकिन छात्र को बचाया नहीं जा सका। उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और घटना में शामिल शिक्षक तथा स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Visakhapatnam

Published :  21 August 2026, 2:48 PM IST

Advertisement