
ट्विशा शर्मा केस में आज बड़ा फैसला
New Delhi : भोपाल के सबसे हाईप्रोफाइल त्विषा शर्मा दहेज मृत्यु मामले में आज यानी मंगलवार का दिन सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित होने वाला है। इस सनसनीखेज मामले में आरोपी बनीं रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश (जज) गिरिबाला सिंह और उनके एडवोकेट बेटे समर्थ सिंह की 5 दिनों की सीबीआई रिमांड आज दोपहर 2 बजे खत्म हो रही है। सूत्रों की मानें तो सीबीआई दोनों को विशेष अदालत में पेश कर 3 दिन की और रिमांड मांगने की तैयारी में है, जबकि आरोपी पक्ष के वकीलों ने भी इस बार कोर्ट में तीखे विरोध की पूरी चक्रव्यूह रच ली है।
जांच को पुख्ता करने के लिए दिल्ली से विशेष फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम भोपाल पहुंची थी। टीम ने घटनास्थल का पूरा क्राइम सीन री-क्रिएशन भी कराया। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि तमाम बारीकियों के बावजूद, त्विषा के शरीर पर मिले गंभीर चोटों के निशानों को लेकर जांच एजेंसी के हाथ अब भी खाली हैं।
सीबीआई की पूछताछ में रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह चोटों के सवाल पर पूरी तरह अनजान बन रहे हैं। उनका दावा है कि फंदे से लाश उतारते वक्त ये चोटें आई होंगी। लेकिन भोपाल एम्स की पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस दावे की धज्जियां उड़ा रही है; रिपोर्ट में त्विषा के सिर में गंभीर चोट और ब्लड क्लॉटिंग के साथ-साथ शरीर पर आधा दर्जन चोटों का साफ जिक्र है। अब सीबीआई को दिल्ली एम्स की दूसरी पोस्टमार्टम और बिसरा रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार है।
Twisha Sharma Death Case: AIIMS टीम भोपाल पहुंची, होगा दूसरा पोस्टमार्टम
गिरिबाला सिंह 35 साल तक न्यायिक सेवा में रही हैं, इसलिए वे कानूनी पेचीदगियों को बखूबी जानती हैं और बेहद नपे-तुले बयान दे रही हैं। इसी 'माइंड गेम' को तोड़ने के लिए सीबीआई अब त्विषा के व्हाट्सएप चैट, घटनास्थल से संभावित छेड़छाड़, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल सबूतों को खंगाल रही है। बयानों के इसी विरोधाभास को बेनकाब करने के लिए सीबीआई को 3 दिन की एक्स्ट्रा रिमांड चाहिए।
आज दोपहर 12 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच दोनों आरोपियों का मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा, जिसके ठीक बाद दोपहर 2 बजे उन्हें भोपाल की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। क्या सीबीआई इन रसूखदार आरोपियों का सच सामने ला पाएगी या डिफेंस वकील बाजी मार ले जाएंगे? आज दोपहर कोर्ट रूम के फैसले पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हैं।
Location : New Delhi
Published : 2 June 2026, 4:56 PM IST