
रेलवे बोर्ड ने सुरक्षा कारणों से जारी किया सख्त आदेश (Img: AI Image)
New Delhi: सोचिए, आप रात में ट्रेन से सफर कर रहे हैं। मोबाइल की बैटरी 5 प्रतिशत पर है, सुबह किसी जरूरी कॉल या मैसेज का इंतजार है और आप चार्जर निकालकर प्लग में लगाने ही वाले हैं… तभी पता चलता है कि चार्जिंग पॉइंट बंद है। जी हां, ट्रेन में रात के सफर के दौरान यात्रियों को ऐसी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रेलवे ने रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा है। लेकिन सवाल है कि आखिर रात के इन 6 घंटों में मोबाइल चार्जिंग पर रोक क्यों लगाई गई है?
इस फैसले के पीछे मुख्य कारण यात्रियों की सुरक्षा है। दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) में यात्रा के दौरान एक यात्री का पावर बैंक जो चार्ज होने के लिए लगा हुआ था अचानक फट गया, जिससे बहुत ज्यादा धुआं निकलने लगा। इस घटना से ट्रेन के डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई।
रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, पति-पत्नी को मिल सकती है एक ही जगह पोस्टिंग; जानें नया नियम
इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया है कि ट्रेन में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस चार्ज करते समय लापरवाही कितनी खतरनाक हो सकती है। इसके बाद रेलवे बोर्ड ने 26 अक्टूबर को एक निर्देश जारी किया, जिसमें रात के तय समय के दौरान चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के नियम को सख्ती से लागू करने के लिए कहा गया है।
रेलवे के निर्देशों के अनुसार, ट्रेन के डिब्बों में लगे चार्जिंग पॉइंट रात 11:00 बजे से सुबह 5:00 बजे के बीच बंद रहने चाहिए। इसका मतलब यह है कि इस दौरान इन पॉइंट का इस्तेमाल मोबाइल फोन, पावर बैंक या किसी अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को चार्ज करने के लिए नहीं किया जा सकता।
इस नियम को लागू करने की जिम्मेदारी ट्रेन के स्टाफ की है, जिन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि तय समय के दौरान चार्जिंग पॉइंट बंद रहें। अधिकारी और सरप्राइज इंस्पेक्शन भी करेंगे, ताकि यह पक्का किया जा सके कि नियमों का पालन बिना किसी लापरवाही के किया जा रहा है।
अगर आप सोच रहे हैं कि क्या रेलवे ने अचानक कोई नया नियम लागू कर दिया है, तो ऐसा नहीं है। ट्रेनों में रात के समय चार्जिंग पॉइंट बंद रखने की व्यवस्था पहले से ही चली आ रही है। 2014 में बेंगलुरु-हजूर साहिब नांदेड़ एक्सप्रेस में आग लगने की घटना के बाद 'रेलवे सुरक्षा आयुक्त' (Commissioner of Railway Safety) की सिफारिशों के आधार पर 19 जून 2014 को कुछ निर्देश जारी किए गए थे। मार्च 2021 में रेलवे ने सुरक्षा कारणों से इस नियम को सख्ती से लागू करने की आवश्यकता पर फिर से जोर दिया।
अगर आप रात में ट्रेन से सफर कर रहे हैं या लंबी दूरी की यात्रा पर जा रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपने मोबाइल फोन की बैटरी जरूर चेक कर लें। यह सुनिश्चित करें कि आपका फोन और अन्य जरूरी गैजेट्स पहले से ही पूरी तरह चार्ज हों, ताकि रात के समय बैटरी खत्म होने पर आपको कोई परेशानी न हो।
ध्यान रखें कि ट्रेन के सफर के दौरान मोबाइल की बैटरी खत्म होना भले ही एक छोटी सी बात लगे, लेकिन जब आपको कोई जरूरी कॉल करनी हो, अपना टिकट दिखाना हो, या डिजिटल पेमेंट करना हो, तो यह एक बड़ी समस्या बन सकती है। इसलिए अपनी यात्रा शुरू करने से पहले पूरी तरह से तैयार रहना ही बेहतर है।
Location : New Delhi
Published : 28 October 2026, 2:06 PM IST