हिंदी
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में यात्रियों से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। पेचउंड से रामनगर जा रही बस गुल्ली गाला इलाके के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में 16 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल किसी की मौत की खबर नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, बस यात्रियों को लेकर रामनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि बस बुरी तरह पिचक गई और लोहे के ढेर जैसी दिखाई देने लगी।
उधमपुर के डिप्टी कमिश्नर अनंत द्विवेदी ने बताया कि हादसा जिले में गाला-पचौंड के पास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही राहत-बचाव टीमों को मौके के लिए रवाना कर दिया गया। आपातकालीन राहत टीमें, सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) और चिकित्सा कर्मी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुट गए।
डिप्टी कमिश्नर के मुताबिक, मेडिकल टीमें घटनास्थल की ओर रवाना की गईं। रामनगर के सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल के कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा गया, ताकि घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके। अस्पताल में उनके इलाज के लिए जरूरी तैयारियां की गईं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने घायल यात्रियों को बस से निकालने और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में मदद की। प्रशासन की टीमें भी मौके पर लगातार काम करती रहीं। अधिकारियों के अनुसार, अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं है।
Location : Jammu Kashmir
Published : 21 October 2026, 10:52 AM IST
Topics : 16 injured in bus accident bus falls into gorge Jammu Kashmir bus accident Udhampur bus accident Udhampur road accident
No related posts found.