हिंदी
भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी का खतरा (Img- AI)
New Delhi: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में कई इलाकों में धूप और गर्मी का असर बना हुआ है। मॉनसून की वापसी के बाद भी दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 21 अक्टूबर को कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र, पुडुचेरी, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप, अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बारिश की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को मौसम की चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है।
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे तमिलनाडु तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से 26 अक्टूबर तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बहुत भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 22 से 26 अक्टूबर के बीच बारिश के आसार हैं। वहीं, 20 और 21 अक्टूबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
Weather Update: लखनऊ से नोएडा तक कैसा रहेगा मौसम? IMD ने दिया अपडेट, जानें कब बढ़ेगी ठंड
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 21 अक्टूबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में भी बारिश की संभावना नहीं है। दिन में धूप निकलने से गर्मी महसूस हो सकती है, जबकि सुबह और रात में हल्की ठंड का एहसास होगा। 21 से 23 अक्टूबर के बीच अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और न्यूनतम तापमान लगभग 20 डिग्री रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में 21 अक्टूबर को बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम साफ रहने और अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना कम रहने का अनुमान है। हालांकि, सुबह और रात के समय गुलाबी ठंड महसूस हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में दिन और रात के तापमान में अंतर महसूस हो सकता है।
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 21 अक्टूबर को बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर गरज-चमक, आंधी और बिजली गिरने का खतरा भी बना रह सकता है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 से 23 अक्टूबर के बीच कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
बिहार में 21 अक्टूबर को बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। राज्य में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन तापमान में गिरावट के कारण सुबह और रात में ठंड बढ़ सकती है। आने वाले दिनों में पारा और नीचे जा सकता है। दूसरी ओर, पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और ठंडी हवाओं का असर मैदानी इलाकों में भी महसूस किया जा सकता है।
Location : New Delhi
Published : 21 October 2026, 9:45 AM IST