लोकमत पार्लियामेंट्री अवॉर्ड्स: इकरा चौधरी, जगदंबिका पाल, सुधा मूर्ति, संजय सिंह और दिग्विजय सिंह सहित 8 सांसदों को मिला सम्मान

महाराष्ट्र के प्रतिष्ठित मीडिया समूह लोकमत की ओर से राजधानी दिल्ली में बुधवार को लोकमत पार्लियामेंट्री अवॉर्ड्स के छठे संस्करण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में देश के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी. आर. गवई उपस्थित रहे। पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 18 December 2025, 2:21 PM IST

New Delhi: राजधानी स्थित न्यू महाराष्ट्र सदन में प्रतिष्ठित मीडिया समूह लोकमत द्वारा लोकमत पार्लियामेंट्री अवॉर्ड्स का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में देश के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति बी. आर. गवई उपस्थित रहे। समारोह में लोकमत मीडिया ग्रुप के चेयरमैन डॉ. विजय दर्डा, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, वरिष्ठ सांसद प्रफुल्ल पटेल, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त डॉ. एस. वाई. कुरैशी, पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, आचार्य डॉ. लोकेश मुनि, एडिटर-इन-चीफ राजेन्द्र दर्डा, एमडी देवेन्द्र दर्डा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक कॉन्क्लेव में ‘विकसित भारत’ की संकल्पना, लोकतंत्र के समक्ष उभरती चुनौतियाँ और संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका जैसे ज्वलंत विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों को सम्मानित

संसद में प्रभावी भूमिका निभाने वाले लोकसभा और राज्यसभा के चार-चार सांसदों को सम्मानित किया गया। यह अवॉर्ड पिछले पाँच वर्षों से संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जनप्रतिनिधियों को प्रदान किया जा रहा है।अवॉर्ड ज्यूरी के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि यह जनप्रतिनिधियों को दिया जाने वाला सबसे विश्वसनीय और निष्पक्ष पुरस्कार है। ज्यूरी में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल थे और गहन विचार-विमर्श के बाद सांसदों का चयन किया गया।

लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

लोकमत समूह के चेयरमैन डॉ. विजय दर्डा ने संस्था की अब तक की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समूह का उद्देश्य पत्रकारिता के माध्यम से जनसेवा करना है।लोकसभा में कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा चौधरी को “बेस्ट डेब्यूटेंट वूमन पार्लियामेंटेरियन ऑफ द ईयर” का अवॉर्ड दिया गया। वहीं, संगीता कुमारी सिंह देव को “बेस्ट वूमन पार्लियामेंटेरियन ऑफ द ईयर” के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वरिष्ठ भाजपा नेता जगदंबिका पाल को “बेस्ट पार्लियामेंटेरियन ऑफ द ईयर” के सम्मान से नवाजा गया, जबकि टी. आर. बालू को लोकसभा में उनके दीर्घ और उल्लेखनीय संसदीय योगदान के लिए “लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड” प्रदान किया गया।

इन सांसदो को मिला सम्मान

राज्यसभा श्रेणी में प्रख्यात समाजसेवी और लेखिका सुधा मूर्ति को “बेस्ट डेब्यूटेंट वूमन पार्लियामेंटेरियन” का सम्मान मिला। तृणमूल कांग्रेस की सांसद डोला सेन को “बेस्ट वूमन पार्लियामेंटेरियन ऑफ द ईयर” घोषित किया गया। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को “बेस्ट पार्लियामेंटेरियन ऑफ द ईयर” के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को राज्यसभा में उनके लंबे और प्रभावशाली संसदीय जीवन के लिए “लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड” प्रदान किया गया।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 18 December 2025, 2:21 PM IST