देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ गया है। भारतीय मौसम विभाग ने कई राज्यों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और तूफानी हवाओं के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। किसानों और आम जनता को सतर्क रहने की जरूरत है।

देशभर में बदलेगा मौसम का मिजाज ( Img: Goolge)
New Delhi: देश के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है और अचानक आए इस बदलाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अलर्ट जारी करते हुए चेताया है कि अगले 24 घंटों में कई राज्यों में तेज आंधी-तूफान, भारी बारिश, ओलावृष्टि और बिजली कड़कने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
आईएमडी ने उत्तर से लेकर मध्य भारत तक कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। इन राज्यों के लोगों को विशेष सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। जम्मू-कश्मीर के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश होने की संभावना है।
सावधान! यूपी में आज मौसम बनेगा आफत, तेज हवाओं के साथ बारिश का खतरा, जानें किन जिलों में अलर्ट
देश के कई अन्य हिस्सों में येलो अलर्ट भी जारी किया गया है, जिसका मतलब है कि वहां मौसम बिगड़ सकता है और लोग सतर्क रहें। पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी मौसम खराब होने की संभावना है। ओडिशा में मौसम विभाग ने भीषण गर्मी और उमस को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग की चेतावनी के तुरंत बाद जमीन पर इसका असर दिखने लगा है। शनिवार शाम को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में तेज हवाओं के साथ जमकर ओले गिरे और बारिश हुई। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और सागर संभागों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस बारिश की वजह से ग्वालियर और रीवा जैसे इलाकों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट देखी गई।
Weather Update: आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम? जानिए बारिश, आंधी और गर्मी का ताज़ा हाल
उत्तर प्रदेश के कानपुर और हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में भी तेज हवाओं और झमाझम बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सबसे ज्यादा मार किसानों पर पड़ी है। राजस्थान के कई जिलों में ओलावृष्टि के कारण फसलों को भारी नुकसान हुआ है। राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने इसे 'प्राकृतिक आपदा' करार दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी अधिकारियों को नुकसान का आकलन करने के लिए कहा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार संकट की इस घड़ी में पूरी तरह किसानों के साथ खड़ी है।