गांधी जयंती पर दिल्ली से मुंबई तक सियासी संग्राम, SIR के खिलाफ मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP का बड़ा प्रदर्शन

गांधी जयंती पर SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर दिल्ली और मुंबई में प्रदर्शन हुए। जंतर-मंतर पर पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, जबकि मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP ने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 2 October 2026, 6:17 PM IST

New delhi/Mumbai: चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR (Special Intensive Revision) को लेकर 2 अक्टूबर को दिल्ली और मुंबई समेत कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारी चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूचियों से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी प्रदर्शन का प्रमुख मुद्दा रही।

मुंबई के शिवाजी पार्क में CJP का प्रदर्शन

मुंबई में Cockroach Janata Party (CJP) ने शिवाजी पार्क में प्रदर्शन का आयोजन किया। संगठन के संस्थापक अभिजीत दिपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है। CJP ने अपने आंदोलन को देश के दूसरे हिस्सों तक ले जाने की घोषणा की है।

CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने मुंबई में प्रदर्शन के दौरान सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।  उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस को उन्हें हिरासत में लेने का आदेश आया था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें चाय पिलाई और जाने के लिए कहा।  दिपके ने कहा कि पुलिस वाले भी कहते हैं कि वह जो कर रहे हैं, वह सही है।

ये भी पढ़ें: जयंत चौधरी को NDA कोटे से फिर राज्यसभा भेजने की चर्चा, 2028 तक है कार्यकाल; आखिर क्यों बन रहा नया प्लान?

मुंबई में प्रदर्शन के दौरान विभिन्न लोगों ने चुनावी प्रक्रिया और SIR से जुड़े अपने सवाल उठाए। इस दौरान शिवाजी पार्क में बड़ी संख्या में लोग जुटे।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन, पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया

दिल्ली के जंतर-मंतर पर AISA समेत विभिन्न छात्र और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग प्रदर्शन के लिए पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने की बात कहते हुए कार्रवाई की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, AAP नेता सौरभ भारद्वाज, पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी, AISA अध्यक्ष नेहा बोरा और कार्यकर्ता योगेंद्र यादव समेत करीब 700 लोगों को हिरासत में लिया गया।

प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई थी। इस दौरान दिल्ली में यातायात और मेट्रो संचालन पर भी प्रतिबंध लगाए गए।

ये भी पढ़ें: पंजाब बॉर्डर पर बीएसएफ की बड़ी कार्रवाई: तरनतारन सेक्टर में दो पाकिस्तानी घुसपैठिए ढेर, एक फरार

SIR और मतदाता सूची को लेकर प्रदर्शनकारियों के सवाल

प्रदर्शनकारियों ने SIR के दौरान मतदाता सूचियों में होने वाले बदलावों और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए। दूसरी ओर, चुनाव आयोग SIR को मतदाता सूची को अपडेट करने और अपात्र या डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाने की प्रक्रिया के तौर पर प्रस्तुत करता है।

विपक्षी नेताओं का भी समर्थन

मुंबई के प्रदर्शन को शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे का समर्थन मिला। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया, वोट के अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी बात रखी और CJP के प्रदर्शन का समर्थन किया।

ये भी पढ़ें: अजय राय रहेंगे या बदले जाएंगे? यूपी कांग्रेस अध्यक्ष को बदलने की अटकलों ने बढ़ाई सियासी हलचल

CJP ने 2 अक्टूबर से देशव्यापी आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है। संगठन के मुताबिक, आंदोलन को अलग-अलग शहरों तक ले जाने की योजना है। वहीं दिल्ली में भी SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी रहने की बात कही गई है।

Location :  New delhi/Mumbai

Published :  2 October 2026, 5:56 PM IST