
सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग (Source: Pinterest)
Singapore: दुनिया के सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले राजनीतिक नेताओं में शामिल सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की सैलरी में बड़ा इजाफा होने जा रहा है। सरकार ने राजनीतिक नेताओं के वेतन में 60 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी का फैसला किया है। इस फैसले के बाद प्रधानमंत्री की सालाना सैलरी 26 करोड़ रुपये से भी ज्यादा के स्तर पर पहुंच जाएगी। हालांकि, सरकार के इस फैसले ने एक बार फिर राजनीतिक नेताओं की भारी-भरकम सैलरी को लेकर बहस छेड़ दी है।
प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने मंगलवार को संसद में राजनीतिक नेताओं के वेतन में प्रस्तावित बदलाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के लिए तय सालाना बेंचमार्क सैलरी 1.87 मिलियन सिंगापुर डॉलर से बढ़कर 3.06 मिलियन सिंगापुर डॉलर हो जाएगी।
इस हिसाब से प्रधानमंत्री के वेतन में करीब 64 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। भारतीय मुद्रा में यह रकम सालाना 26 करोड़ रुपये से अधिक बैठती है। इससे पहले भी सिंगापुर के प्रधानमंत्री की सैलरी दुनिया के कई बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासन प्रमुखों की तुलना में काफी ज्यादा रही है।
सिर्फ प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि कैबिनेट मंत्रियों के वेतन में भी बड़ा बदलाव किया गया है। नए वेतनमान के तहत मंत्रियों को उनकी वरिष्ठता और उनके मंत्रालय की जिम्मेदारी के आधार पर सालाना 1.80 मिलियन सिंगापुर डॉलर से लेकर 2.88 मिलियन सिंगापुर डॉलर तक मिलेंगे।
सरकार का तर्क है कि राजनीतिक पदों पर योग्य और सक्षम लोगों को आकर्षित करने के लिए प्रतिस्पर्धी वेतन जरूरी है। सरकार का मानना है कि बेहतर वेतन से ईमानदार और सक्षम नेतृत्व को प्रोत्साहन मिलता है तथा देश में बेहतर प्रशासन सुनिश्चित किया जा सकता है।
सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने खुद माना कि राजनीतिक नेताओं की सैलरी एक संवेदनशील और भावनात्मक मुद्दा है। उन्होंने कहा कि इन पदों से जुड़ी रकम आम नागरिकों की कमाई से काफी अधिक है, इसलिए लोगों का इस मुद्दे पर सवाल उठाना स्वाभाविक है।
वोंग ने कहा कि असली सवाल यह है कि आने वाले दशकों में देश को आगे बढ़ाने के लिए सिंगापुर को कैसी राजनीतिक नेतृत्व व्यवस्था की जरूरत होगी।
लॉरेंस वोंग ने यह भी कहा कि वह अपने कार्यकाल के दौरान वेतन में हुई पूरी बढ़ोतरी को अच्छे और सही कामों के लिए दान करने की योजना बना रहे हैं। यानी वेतन वृद्धि से मिलने वाली अतिरिक्त रकम को व्यक्तिगत लाभ के बजाय सामाजिक कार्यों में इस्तेमाल करने का इरादा जताया गया है।
पुरानी पेंशन और DA की मांग पर अड़े पंजाब के कर्मचारी: दफ्तरों में ताले, सड़कों पर चक्का जाम
वोंग के मुताबिक, राजनीतिक नेताओं की सैलरी बढ़ाने की सिफारिश एक स्वतंत्र समिति ने की थी। हालांकि, मौजूदा पदाधिकारियों को तुरंत नए वेतनमान पर नहीं लाया जाएगा। सरकार का कहना है कि वेतन में बदलाव का उद्देश्य लंबे समय में राजनीतिक नेतृत्व के लिए बेहतर प्रतिभाओं को आकर्षित करना है।
सिंगापुर को दुनिया के सबसे कम भ्रष्टाचार वाले देशों में लगातार गिना जाता है। यही वजह है कि वहां राजनीतिक नेताओं को दिए जाने वाले भारी वेतन को सरकार बेहतर प्रशासन और भ्रष्टाचार से बचाव के तर्क से उचित ठहराती रही है। लेकिन आम नागरिकों की आय और नेताओं के वेतन के बीच बड़ा अंतर होने के कारण यह मुद्दा हमेशा चर्चा में रहता है।
Location : Singapore
Published : 9 September 2026, 10:09 AM IST