
Symbolic Photo
New Delhi: उत्तर भारत में इस समय कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। देश के अधिकांश हिस्सों में पारा लगातार गिर रहा है। हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर लगातार जारी है, वहीं मैदानी इलाकों में भी दिन-रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को कई राज्यों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कहा है कि उत्तर भारत के 10 से अधिक शहरों में आज से घना कोहरा छाने की संभावना है। लोगों से सुरक्षा उपाय अपनाने और यात्रा में सतर्क रहने का आग्रह किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर
दिल्ली और आसपास के इलाकों में इस सप्ताह लोगों को शीतलहर का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। बढ़ते प्रदूषण के बीच ठंड का असर और अधिक महसूस होगा। दिन में हल्की धूप रहने के बावजूद रात और सुबह के समय ठंड बढ़ने की संभावना है।
20 लाख की एफडी के लिए दोस्त बने खूनी: पान मसाला फैक्ट्री कर्मी की हत्या, शव नदी किनारे मिला
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने 10, 11 और 12 दिसंबर को घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी यूपी में तापमान में तेजी से गिरावट देखी जा सकती है, जबकि पूर्वी हिस्सों में दिन के समय हल्की धूप का असर रहेगा। हालांकि सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ेगी। कानपुर, प्रयागराज और टुंडला जैसे शहरों में कोहरे के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है।
बिहार
बिहार में भी सर्दी का प्रकोप जारी है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में सुबह-शाम को घना कोहरा छाया रहता है। मौसम विभाग ने चेताया है कि आने वाले दिनों में तापमान में और कमी हो सकती है।
मेरठ में पुलिस मुठभेड़: लूट और हथियार तस्करी करने वाले बदमाश को लगी गोली
राजस्थान
राजस्थान के कुछ हिस्सों में सोमवार को अधिकतम बादल छाए रह सकते हैं। न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबादी भी देखने को मिल सकती है।
दक्षिण भारत
जहां उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड है, वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना बनी हुई है। तमिलनाडु में उत्तर पूर्वी मानसून सक्रिय होने के कारण 12 दिसंबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राज्य के कई जिलों में तापमान में स्थिरता के बीच बारिश का दौर जारी रहेगा।
कोहरे की चेतावनी
उत्तर भारत के 10 प्रमुख शहरों में घना कोहरा छाने की संभावना है। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, कानपुर, प्रयागराज, टुंडला, नैनीताल, अमृतसर और शिमला शामिल हैं। विभाग ने लोगों से सलाह दी है कि वे कोहरे में ड्राइविंग करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतें और यात्रा समय में बदलाव रखें।
हाल ही में दर्ज तापमान
रविवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित अमरनाथ यात्रा बेस कैंप में न्यूनतम तापमान -4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में न्यूनतम तापमान तीन से सात डिग्री के बीच रहा। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने चेताया है कि मध्य प्रदेश, विदर्भ, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में भी शीतलहर की संभावना बढ़ सकती है।
Location : New Delhi
Published : 8 December 2025, 6:22 AM IST
Topics : weather alert Weather Update Winter update