उज्जैन यूनिवर्सिटी में सनसनी! दीवार पर ‘तुम सब मरोगे’ लिखकर फैलाई दहशत

मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की कृषि अध्ययनशाला की नई बिल्डिंग में अज्ञात लोगों ने अंधविश्वास फैलाने और दहशत पैदा करने की कोशिश की। मुख्य गेट पर मटकी, लाल कपड़ा और कंकू रखकर दीवार पर “तुम सब मरोगे” लिखा गया। घटना के बाद छात्रों और शिक्षकों में डर का माहौल है और प्रशासन जांच में जुटा है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 28 April 2026, 8:35 PM IST

Ujjain: मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्थित सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की कृषि अध्ययनशाला में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सुबह चौकीदार आशीष ड्यूटी पर पहुंचा। जैसे ही वह मुख्य गेट के पास पहुंचा, उसे वहां का नजारा देखकर डर लग गया। गेट के ठीक सामने एक मटकी रखी हुई थी, जिस पर लाल कपड़ा और कंकू लगाया गया था। साथ ही पास की दीवार पर लाल रंग से धमकी भरा संदेश लिखा था “तुम सब मरोगे।” यह देखकर चौकीदार घबरा गया और तुरंत विभाग के अध्यक्ष को सूचना दी।

अंधविश्वास फैलाने की कोशिश या शरारत?

घटना सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने गेट पर रखी मटकी और अन्य सामान तुरंत हटवा दिया। दीवार पर लिखा गया संदेश भी साफ कर दिया गया। बताया जा रहा है कि इस तरह की हरकत से ऐसा माहौल बनाने की कोशिश की गई, जैसे वहां किसी तरह की तांत्रिक क्रिया की गई हो। हालांकि प्रशासन ने अभी इसे शरारत या साजिश दोनों एंगल से जांच के दायरे में रखा है।

Ujjain Violence: उज्जैन में फिर भड़की हिंसा, जुमे की नमाज के बाद विवाद, कई घरों पर पत्थरबाजी

10 दिन पहले शुरू हुई थीं कक्षाएं

कृषि अध्ययनशाला में करीब 1200 छात्र अध्ययनरत हैं। यह नई बिल्डिंग हाल ही में शुरू हुई है और सिर्फ 10 दिन पहले ही यहां कक्षाएं शुरू की गई थीं। करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से इस भवन का निर्माण किया गया है। नई बिल्डिंग में कक्षाएं शुरू होने के इतने कम समय में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर तब जब अभी यहां सीसीटीवी कैमरे भी पूरी तरह से इंस्टॉल नहीं किए गए हैं।

CCTV न होने से जांच में मुश्किल

विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टेलर ने बताया कि घटना की जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को दे दी गई है। उन्होंने माना कि फिलहाल परिसर में CCTV कैमरे नहीं लगे हैं, जिसकी वजह से आरोपियों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय प्रशासन अब इस मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और दोषियों की तलाश की जा रही है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर भी विचार किया जा रहा है।

सुप्रीम कोर्ट पहुंचा उज्जैन का तकिया मस्जिद विवाद: 13 नमाज़ियों ने लगाई न्याय की गुहार, जानें पूरा मामला

छात्रों और शिक्षकों में डर का माहौल

इस घटना का वीडियो और जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कैंपस में चर्चा तेज हो गई है। कोई इसे अंधविश्वास से जोड़ रहा है तो कोई इसे जानबूझकर की गई शरारत बता रहा है। हालांकि सच जो भी हो, लेकिन इस घटना के बाद छात्रों और शिक्षकों में डर का माहौल साफ देखा जा रहा है। कई छात्रों का कहना है कि रात के समय परिसर में असहजता महसूस हो रही है।

Location :  Ujjain

Published :  28 April 2026, 8:35 PM IST