हिंदी
निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर FOB( AI Generated)
New Delhi: दिवाली और छठ के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली लोगों की भीड़ को सांभालने के लिए रेलवे ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर रोशनी का बेहतर इंतजाम करने के लिए उत्तर रेलवे लगभग सवा 4 करोड़ रुपये खर्च करेगा। आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर 4 हजार यात्रियों की क्षमता वाला यात्री सुविधा शिविर तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा लोगों की यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए रास्तों को अलग करने और नया फुट ओवरब्रिज बनाने की भी तैयारी है।
हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म पर रोशनी बढ़ाने के लिए 150 सामान्य एलईडी और बैटरी बैकअप वाली 50 एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा बिजली की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जरूरी उपकरण, पैनल और तारों की मरम्मत भी की जाएगी। रेलवे के मुताबिक, स्टेशन पर ठीक मात्रा में रोशनी होने से लोगों को प्लेटफॉर्म पर चलने और आने-जाने के रास्तों को पहचानने में आसानी होगी। इससे हादसों और किसी भी तरह की अनहोनी का खतरा भी कम होगा। दिवाली और छठ के समय दिल्ली से बिहार, उत्तर प्रदेश और दूसरे राज्यों में जाने वाले लोगों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में स्टेशन पर रोशनी की सही व्यवस्था होने से भीड़ को संभालने और लोगों को सुरक्षित तरीके से आने-जाने में मदद मिलेगी।
निजामुद्दीन रिलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़( AI Generated)
प्लेटफॉर्म पर रोशनी बढ़ने से रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखने में सहूलियत होगी। भीड़ को व्यवस्थित करने, आने जाने के रास्ते खुले रखने तथा जरूरत के मुताबिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती पर भी ध्यान दिया जाएगा।
आनंद विहार में मेट्रो के फुट ओवरब्रिज से उतरकर यात्री सुविधा शिविर तक पहुंचा जा सकता है। नमो भारत और मेट्रो सेवाओं के कारण बढ़ती आवाजाही को देखते हुए एक नया फुट ओवरब्रिज भी तैयार किया जा रहा है। इससे यात्रियों को आने जाने के लिए रास्ता मिलेगा और भीड़ को अलग-अलग रास्तों पर बांटने में मदद मिलेगी।
आनंद विहार स्टेशन पर करीब 4 हजार यात्रियों की क्षमता वाला यात्री सुविधा शिविर तैयार किया जा रहा है। इसमें बैठने, पीने के पानी, शौचालय, खानपान और टिकट लेने की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। रेलवे की तैयारी दीपावली से पहले इस व्यवस्था को शुरू करने की है, ताकि त्योहारों के दौरान स्टेशन पर भीड़ का दबाव कम किया जा सके।
Location : New Delhi
Published : 27 October 2026, 9:07 AM IST
No related posts found.