राहुल गांधी का अनोखा रूप: इस खास अंदाज में कांग्रेस मुख्यालय में फहराया तिरंगा, हर तरफ हो रही तारीफ

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस नेताओं ने पार्टी मुख्यालय में झंडोत्तोलन कर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान राहुल गांधी बारिश में भीगते हुए नज़र आए। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए एकजुट भारत की बात कही, जबकि प्रियंका गांधी ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प को दोहराया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 August 2025, 12:37 PM IST
google-preferred

New Delhi: 15 अगस्त को कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं ने दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय में ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तिरंगा फहराया। समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। जैसे ही झंडा फहराया गया, सभी ने राष्ट्रगान के साथ देश को नमन किया।

बारिश में भीगते रहे राहुल

इस कार्यक्रम के दौरान दिल्ली में तेज बारिश हो रही थी, लेकिन राहुल गांधी बिना किसी छाते के तिरंगे के सामने खड़े रहे। बारिश की परवाह किए बिना उन्होंने पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों और वीडियो में राहुल गांधी पूरी तरह भीगे हुए नजर आए, जिससे उन्हें लोगों की ओर से सराहना भी मिली। यह प्रतीक बन गया उनके उस जज़्बे का, जिसमें वे हर परिस्थिति में राष्ट्र और उसकी भावनाओं के साथ खड़े रहने का संदेश दे रहे थे।

देशवासियों को दी शुभकामनाएं

राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए एक भावनात्मक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली यह आजादी, एक ऐसे भारत के निर्माण का संकल्प है- जहां सत्य और समानता की नींव पर न्याय हो और हर दिल में सम्मान और भाईचारा हो। इस अनमोल धरोहर के गौरव और सम्मान की रक्षा करना हम सबका कर्तव्य है। जय हिंद, जय भारत। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए एक ऐसे भारत की कल्पना की, जहां सभी को समान अवसर और सम्मान मिले।

प्रियंका गांधी ने दी शुभकामनाएं

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इस अवसर पर देश को शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को याद किया। उन्होंने लिखा कि सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारे लाखों नायकों ने अनगिनत कुर्बानियां देकर हमें आजादी दिलाई। हमें लोकतंत्र, न्याय, समानता और आपसी एकता का राष्ट्रीय संकल्प सूत्र सौंपा। एक व्यक्ति- एक वोट के सिद्धांत के जरिये एक समृद्ध जनतंत्र दिया। अपनी आजादी, संविधान और इसके उसूलों की रक्षा के लिए हमारा संकल्प अडिग है। जय हिंद! जय भारत! प्रियंका गांधी के संदेश में संविधान, लोकतंत्र और समानता के मूल्यों को प्राथमिकता देने की भावना स्पष्ट रूप से झलकती है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 15 August 2025, 12:37 PM IST

Advertisement
Advertisement