हिंदी
गंगा एक्सप्रेसवे(Source: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरदोई के मल्लावां से प्रदेश के सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट 'गंगा एक्सप्रेसवे' का लोकार्पण करेंगे। यह एक्सप्रेसवे न केवल मेरठ से प्रयागराज की दूरी को कम करेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए 'संजीवनी' साबित होने वाला है। इस मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित केंद्र व राज्य सरकार के कई दिग्गज नेता उपस्थित रहेंगे।
गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश के 12 महत्वपूर्ण जिलों- मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज को आपस में जोड़ेगा। प्रशासन को इस समारोह में करीब डेढ़ लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है। यह एक्सप्रेसवे करीब 100 विधान सभा क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक परिदृश्य को पूरी तरह बदलने की क्षमता रखता है।
सरकार की योजना इस एक्सप्रेसवे के किनारे 12 औद्योगिक गलियारे (इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एवं लॉजिस्टिक क्लस्टर) विकसित करने की है। हरदोई, मेरठ, हापुड़ और रायबरेली जैसे जिलों में इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है। इन क्लस्टर्स के माध्यम से स्थानीय कृषि उत्पादों को बड़ा बाजार मिलेगा और लाखों युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खुलेंगे।
इस लोकार्पण के साथ ही देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क में अकेले उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत हो जाएगी। वर्तमान में यूपी में 1910 किलोमीटर का नेटवर्क तैयार हो चुका है, जो मई में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद 1973 किमी हो जाएगा। यूपीडा (UPEIDA) का लक्ष्य वर्ष 2029 तक राज्य में एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई को 3200 किलोमीटर तक पहुँचाना है।
गंगा एक्सप्रेसवे: 594 किमी (आज से शुरू)
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे: 341 किमी
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे: 302 किमी
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे: 296 किमी
यमुना एक्सप्रेसवे: 165 किमी
प्रधानमंत्री ने दिसंबर 2021 में शाहजहांपुर से इस परियोजना का शिलान्यास किया था। अब 2027 के विधान सभा चुनावों से पहले इसका लोकार्पण कर योगी सरकार अपने 'विकासवाद' के एजेंडे को और मजबूती दे रही है। यह बुनियादी ढांचा न केवल व्यापार को गति देगा बल्कि पश्चिमी यूपी को सीधे संगम नगरी प्रयागराज से जोड़कर एक नई कनेक्टिविटी क्रांति लाएगा।
Location : Lucknow
Published : 29 April 2026, 7:49 AM IST