हिंदी
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा (Img: Google)
New Delhi: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा की पत्नी रिनिकी सरमा पर लगाए गए आरोपों के कारण विवादों में घिर गए हैं। मंगलवार सुबह असम पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची और पवन खेड़ा के आवास पर छापा मारा।
इस कार्रवाई में दिल्ली पुलिस भी असम पुलिस की मदद के लिए शामिल रही। हालांकि, इस दौरान पवन खेड़ा अपने आवास पर मौजूद नहीं थे। उधर, असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा का दावा है कि पवन खेड़ा हैदराबाद चले गए हैं।
इससे पहले रविवार को पवन खेड़ा ने आरोप लगाए थे कि रिनिकी भुइयां सरमा के पास तीन देशों के पासपोर्ट हैं, यूएई, एंटीगुआ और बारबुडा और मिस्र। इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि उनके नाम दुबई में दो संपत्तियां हैं, जिनका जिक्र मुख्यमंत्री ने अपने चुनावी हलफनामे में नहीं किया।
रिनिकी सरमा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह दस्तावेज मनगढ़ंत और गलत तरीके से तैयार किए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने लिखा कि केवल आरोप नहीं, बल्कि जिन दस्तावेजों की तस्वीरें साझा की जा रही हैं, उनमें भी कई कमियां हैं। उन्होंने कांग्रेस और पवन खेड़ा को टैग करते हुए कहा कि अब कानून अपना काम करेगा।
सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने भी पवन खेड़ा के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया और कहा कि यह दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह और उनकी पत्नी अगले 48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि के मुकदमे दायर करेंगे। उनके मुताबिक, यह कांग्रेस के भीतर असंतोष और घबराहट को दिखाता है और असम की जनता को गुमराह करने का प्रयास है।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने इस विवाद में पवन खेड़ा का समर्थन करते हुए कहा कि सीएम हिमंत बिस्व सरमा घबराए हुए हैं और आरोपों का जवाब देने के बजाय डराने-धमकाने का रास्ता अपनाते हैं। उन्होंने कहा कि करप्शन के आरोपों के बावजूद सीएम से जवाब मिलने के बजाय वे राजनीतिक बयानबाजी कर रहे हैं।
Location : New Delhi
Published : 7 April 2026, 12:10 PM IST