Cyclone Arnab: तूफान के बीच गूंजी 931 बच्चों की किलकारी! किसी का नाम अर्णब, तो कोई बनी वर्षा रानी

ओडिशा में चक्रवाती तूफान अर्णब के बीच सैकड़ों परिवारों के घर खुशियों ने दस्तक दी। तूफान से पहले 2,245 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें 931 महिलाओं ने बच्चों को जन्म दिया। मां और नवजात सभी स्वस्थ हैं। कुछ परिवारों ने इस तूफान की याद को बच्चों के नाम से जोड़ दिया।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 29 October 2026, 6:59 AM IST

New Delhi: एक तरफ आसमान में घने बादल, तेज बारिश और चक्रवाती तूफान का डर था, तो दूसरी तरफ अस्पतालों में कुछ परिवार अपने जीवन के सबसे खास पल का इंतजार कर रहे थे। ओडिशा में चक्रवाती तूफान अर्णब के बीच कई घरों में बच्चों की किलकारियां गूंजीं। किसी परिवार के घर बेटा आया, तो किसी को बेटी के जन्म की खुशखबरी मिली। मुश्किल मौसम के बीच इन परिवारों के लिए बच्चों का जन्म राहत और खुशी की वजह बन गया।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को बताया कि तूफान आने से पहले 2,245 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया था। इनमें से 931 महिलाओं ने इस दौरान बच्चों को जन्म दिया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, सभी जच्चा और बच्चा स्वस्थ हैं।

प्रशासन की इस व्यवस्था का मकसद यही था कि खराब मौसम के बीच गर्भवती महिलाओं को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके और प्रसव के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

किसी ने बेटे का नाम अर्णब रखा, तो बेटी बनी वर्षा रानी

तूफान के बीच जन्मे बच्चों की कहानी में एक दिलचस्प पहलू उनके नाम भी हैं। गंजाम जिले के पात्रपुर में सुकांति प्रधान ने बेटे को जन्म दिया। परिवार ने इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए बच्चे का नाम अर्णब रख दिया। अब यह नाम परिवार को उस समय की याद दिलाएगा, जब तूफान के बीच उनके घर में नई जिंदगी आई।

Cyclone Alert: आंध्र प्रदेश में चक्रवात का कहर! 5 की मौत, यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

इसी इलाके के चिकराडा में रुक्मणि बेहरा ने बेटी को जन्म दिया। परिवार ने उसका नाम वर्षा रानी रखा। बारिश और तूफान के बीच जन्मे इन बच्चों के नाम उस प्राकृतिक घटना से जुड़ गए, जिसने इन परिवारों के जीवन के एक खास दिन को हमेशा के लिए यादगार बना दिया।

कुछ अन्य परिवारों ने भी अपने बच्चों के नाम मौसम और तूफान से जुड़े शब्दों पर रखे। बेटों के नाम अर्णब, तूफान और पवन रखे गए, जबकि कुछ बेटियों को बतासी नाम दिया गया।

गंजाम में 493 गर्भवती महिलाओं को पहुंचाया गया अस्पताल

गंजाम जिले में भी प्रशासन ने गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया। जानकारी के मुताबिक, 25 अक्टूबर से जिले की 493 गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों तक पहुंचाया गया था।

दिल्ली से वाराणसी का सफर होगा आसान! 31 अक्टूबर को दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, जानें टाइमिंग और रूट

बुधवार दोपहर एक बजे तक इनमें से 220 महिलाओं का प्रसव हो चुका था। इस तरह तूफान के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और समय पर अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कई परिवारों के लिए अहम साबित हुई।

Location :  New Delhi

Published :  29 October 2026, 6:59 AM IST