Weather Update: उत्तर भारत में बदलेगा मौसम का मिजाज, जानें कितना रहेगा आज का तापमान

उत्तर भारत में मौसम फिर बदलने वाला है। IMD के मुताबिक 31 जनवरी से 3 फरवरी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश, कोहरा और तेज हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली, यूपी, हिमाचल और पंजाब में मौसम का असर देखने को मिलेगा।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 31 January 2026, 7:27 AM IST

New Delhi: उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 31 जनवरी से 3 फरवरी के बीच दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेंगे, जिसका असर पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी राज्यों तक देखने को मिलेगा। इस दौरान कहीं हल्की से मध्यम बारिश तो कहीं कोहरे और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

उत्तर भारत में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

IMD के मुताबिक 1 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं राजस्थान के कुछ हिस्सों में आज ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है, जिससे किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा जारी

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ हफ्तों में उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान पहले 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है और उसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। महाराष्ट्र में भी अगले दो दिनों के भीतर तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली में आज सुबह ठंड के साथ आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। दोपहर के समय मौसम थोड़ा साफ रहेगा, लेकिन शाम और रात के वक्त गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।

Weather Update: दिल्ली-NCR में फिर बदलेगा मौसम, 1 फरवरी को फिर बदलेगा मौसम? जानें IMD का नया अपडेट

यूपी में कोहरा और तेज हवाओं का असर

उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है। कभी कोहरा तो कभी बारिश लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 1 फरवरी से प्रदेश के कई जिलों में काले बादलों की आवाजाही बढ़ेगी। अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
31 जनवरी को पश्चिमी यूपी में मौसम सामान्य रहेगा, जबकि पूर्वी यूपी के कई जिलों में 100 से 500 मीटर दृश्यता वाला कोहरा छा सकता है। 1 फरवरी को पश्चिमी यूपी में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इन जिलों में रहेगा कोहरे का असर

आज कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच समेत आसपास के जिलों में कोहरा देखने को मिल सकता है। वहीं मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, बरेली, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, झांसी और चित्रकूट सहित कई जिलों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है।

UP Weather Update: लखनऊ में बारिश, 25 जिलों में घना कोहरा; पश्चिमी विक्षोभ से फिर बिगड़ेगा मौसम

बिहार में मौसम रहेगा शुष्क

बिहार में बीते 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक तापमान सुपौल में 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान भागलपुर के सबौर में 10 डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमी और दक्षिणी मध्य बिहार में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 31 January 2026, 7:27 AM IST