
दिल्ली में प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए नए विंटर रूल्स घोषित (Img: Pinterest)
New Delhi: दिल्ली सरकार ने राजधानी में हर सर्दियों में बढ़ने वाले प्रदूषण से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। 2026-27 के सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए सरकार ने कई कड़े कदम उठाने की घोषणा की है। नए नियमों के तहत, धूल, गाड़ियों और निर्माण कार्यों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने की कोशिश की जाएगी।
सरकार की योजना के अनुसार, 1 नवंबर से 28 फरवरी तक धूल उड़ाने वाले तोड़-फोड़ और बाहरी सिविल निर्माण कार्यों पर रोक रहेगी। इस दौरान निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। इसके अलावा 10 दिसंबर से 20 जनवरी के बीच और भी पाबंदियां लगाई जाएंगी क्योंकि यह प्रदूषण के सबसे ज्यादा स्तर वाला समय होता है। इस दौरान निर्माण सामग्री जैसे रेत, बजरी और सीमेंट लाने वाली बाहरी गाड़ियों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक रहेगी।
यह भी पढ़ें- अब नहीं लगाने पड़ेंगे लाइसेंस और NOC के लिए चक्कर! दिल्ली सरकार ला रही ऐसा बिल जो बदल देगा कारोबार का पूरा सिस्टम
प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सरकारी और प्राइवेट संस्थानों में काम करने के तरीकों में भी बदलाव किए गए हैं। 1 नवंबर से 28 फरवरी तक ऑफिस में कर्मचारियों की उपस्थिति 50 प्रतिशत तक सीमित रहेगी और बाकी कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति होगी। हालांकि, जरूरी सेवाओं को इस व्यवस्था से छूट दी जाएगी।
गाड़ियों की संख्या कम करने के लिए अधिकृत जगहों पर पार्किंग फीस दोगुनी कर दी जाएगी; हालांकि, मेट्रो पार्किंग सुविधाओं को इस बढ़ोतरी से छूट दी गई है। इसके अलावा नगर निगम के ऑफिस सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेंगे, जबकि दिल्ली सरकार के ऑफिस सुबह 10:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक काम करेंगे।
यह भी पढ़ें - दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, जानिए किन कमर्शियल वाहनों की एंट्री हुई बैन?
जिन गाड़ियों के पास वैलिड 'पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल' (PUC) सर्टिफिकेट नहीं होगा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसी गाड़ियों को पूरे साल पेट्रोल पंपों पर फ्यूल नहीं दिया जाएगा। PUC (पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल) सर्टिफिकेट की स्थिति की जांच के लिए डिजिटल डेटाबेस का इस्तेमाल करके नियमों के पालन की पुष्टि की जाएगी।
1 नवंबर से 28 फरवरी के बीच दिल्ली में बाहर से आने वाले उन वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी जो BS-6 उत्सर्जन मानकों को पूरा नहीं करते हैं। हालांकि, CNG, इलेक्ट्रिक और आपातकालीन सेवा वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी जाएगी। सरकार का कहना है कि इन उपायों का मकसद सर्दियों के दौरान प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करना और राजधानी में हवा की गुणवत्ता में सुधार करना है।
Location : New Delhi
Published : 28 September 2026, 3:16 PM IST
Topics : Air Pollution Delhi Delhi construction ban Delhi winter pollution Delhi government New Delhi