Weather Update: भीषण गर्मी के बीच खुशखबरी, केरल पहुंच रहा मानसून, कई राज्यों में झमाझम बारिश की संभावना

भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में दस्तक देने वाला है। IMD ने दिल्ली, यूपी, राजस्थान, उत्तराखंड, झारखंड समेत कई राज्यों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 4 June 2026, 7:54 AM IST
google-preferred

New Delhi: देश के कई राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संभावना जताई है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 12 घंटों के भीतर केरल में दस्तक दे सकता है। मानसून के आगमन के साथ ही केरल में अगले 6 से 7 दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में भी अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।

17 राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई राज्यों में इस सप्ताह मौसम का मिजाज बदला रहेगा। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अगले कुछ घंटों में 17 राज्यों में हल्की आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

दिल्ली में हल्की बारिश से मिलेगी राहत

राजधानी दिल्ली में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी आ सकती है। इस दौरान हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 5 और 6 जून को भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

नैनीताल में मौसम ने बदला मिजाज, बारिश के बीच उमड़ी सैलानियों की भीड़, लगा जाम

उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 4 से 6 जून तक मौसम खराब रह सकता है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, मिर्जापुर और आसपास के जिलों में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है।

बिहार और राजस्थान में अलग-अलग मौसम का असर

बिहार में 4 और 5 जून को मौसम सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन 6 जून से कई जिलों में लू का असर बढ़ सकता है। वहीं कुछ इलाकों में बारिश और आंधी की भी संभावना जताई गई है। दूसरी ओर राजस्थान में 4 और 5 जून तक आंधी, बारिश, बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।

यूपी में मौसम का बिगड़ रहा मिजाज; गोरखपुर-कानपुर समेत इन 10 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और झारखंड में अलर्ट

उत्तराखंड में 4 से 6 जून के बीच भारी बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में भी 4 से 6 जून तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं झारखंड में 4 से 7 जून तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Location :  New Delhi

Published :  4 June 2026, 7:54 AM IST

Related News

Advertisement