हिमाचल में बड़ा हादसा… चलती बोलेरो पर गिरा पेड़, मचा हड़कंप

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। शमशर-गुगरा सड़क पर चलती बोलेरो पर चीड़ का पेड़ गिरने से चार महिला शिक्षिकाओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है और प्रशासन ने राहत कार्य शुरू कर दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 May 2026, 8:21 PM IST

Kullu: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। आनी उपमंडल के शमशर-गुगरा सड़क मार्ग पर बाली ओल के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया।

जानकारी के अनुसार, एक बोलेरो गाड़ी (नंबर HP 01K-4621) सड़क से गुजर रही थी, तभी अचानक सड़क किनारे खड़ा विशाल चीड़ का पेड़ तेज हवाओं के कारण गिर गया। यह पेड़ सीधे चलती गाड़ी पर आ गिरा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गया।

हादसा इतना भयानक था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

चार शिक्षिकाओं की मौके पर मौत

हादसे के समय बोलेरो में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें छह स्कूल शिक्षिकाएं और एक चालक शामिल था। पेड़ गिरने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में चार महिला शिक्षिकाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान स्नेह लता (पारलीधार कमांद), बंती कौंडल (लामीसेरी), उषा कुमारी (तराला जाओं) और सीमा आजाद (रोपड़ी) के रूप में हुई है।

साउथ दिल्ली के ग्रीन पार्क में जज ने की आत्महत्या… पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

घायलों में वाहन चालक सुरेश चंद, तारा देवी और रीना कुमारी शामिल हैं, जिन्हें तुरंत स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से आनी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

प्रशासन ने शुरू किया राहत कार्य

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज आंधी-तूफान को माना जा रहा है। मौसम की अचानक बदली स्थिति के कारण पेड़ गिरने की घटना हुई, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।

बलिया: दोस्तों संग क्रिकेट खेलने गया युवक सरयू नदी में डूबा, मौत

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और हर संभव सहायता देने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों का इलाज जारी है और मामले की पूरी जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

Location :  Kullu

Published :  2 May 2026, 8:21 PM IST