भुवनेश्वर में बड़े आयोजनों के लिए ट्रक-माउंटेड मोबाइल सैनिटेशन यूनिट शुरू, स्वच्छता हुई सुलभ और सुरक्षित

जिन्दल फाउंडेशन और भुवनेश्वर नगर निगम ने ट्रक-माउंटेड मोबाइल सैनिटेशन यूनिट शुरू की, जिससे बड़े आयोजनों में नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुलभ शौचालय सुविधा मिलेगी।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 3 March 2026, 2:03 PM IST

Bhubaneswar: सामाजिक विकास और स्वच्छता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में, जिन्दल फाउंडेशन ने भुवनेश्वर नगर निगम के सहयोग से ट्रक-माउंटेड मोबाइल सैनिटेशन यूनिट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर फाउंडेशन की चेयरपर्सन और ओ.पी. जिन्दल यूनिवर्सिटी (रायगढ़) की कुलाधिपति शालू जिन्दल ने स्वच्छता की आवश्यकता और समाज में इसकी भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सुविधा नहीं बल्कि एक विकसित और स्वस्थ समाज की अनिवार्य बुनियाद है।

स्वच्छता सुविधाओं की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक

शहर में बड़े सार्वजनिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों और आगंतुकों को सुलभ और स्वच्छ शौचालय सुविधाएं प्रदान करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। शालू जिन्दल ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण और बड़े आयोजनों के चलते स्वच्छता सुविधाओं की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक हो गई है। इस मोबाइल यूनिट के माध्यम से भुवनेश्वर को एक स्वच्छ और आदर्श शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

नागरिकों के लिए आधुनिक शौचालय सुविधा

इस अवसर पर भुवनेश्वर नगर निगम की मेयर सुलोचना दास, डिप्टी मेयर मंजुलता कन्हार, कमिश्नर चंचल राणा, एडिशनल कमिश्नर कैलाश चंद्र दास, नगर निगम के कई कॉर्पोरेटर और स्वच्छता स्थायी समिति के प्रमुख बिरंची नारायण महासुपाकर उपस्थित थे। इसके अलावा, जिन्दल स्टील के प्रेसिडेंट एवं कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस हेड प्रशांत होता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति भी समारोह में शामिल हुए।

तकनीकी विशेषताएं- पुरुष और महिला दोनों के लिए सुविधा

मोबाइल सैनिटेशन यूनिट को पुरुषों और महिलाओं की आवश्यकताओं और सुरक्षा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।

पुरुष अनुभाग: 1 वेस्टर्न टॉयलेट, 1 इंडियन टॉयलेट, 3 यूरिनल और 1 वॉश बेसिन।

महिला अनुभाग: 2 इंडियन टॉयलेट, 1 वेस्टर्न टॉयलेट और 1 वॉश बेसिन।

निर्बाध संचालन के लिए इसमें डीजल जेनरेटर और प्रत्येक अनुभाग में कई एग्जॉस्ट फैन लगाए गए हैं।

इस यूनिट के माध्यम से नागरिकों को बड़े आयोजनों में स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय सुविधाएं प्राप्त होंगी।

भुवनेश्वर बन रहा आदर्श स्वच्छ शहर

भुवनेश्वर की मेयर सुलोचना दास ने जिन्दल फाउंडेशन की पहल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सैनिटेशन यूनिट बड़े कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों और आगंतुकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह की साझेदारियां नागरिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोग शामिल हुए और समारोह के अंत में जिन्दल स्टील के सीएसआर हेड ऋषि पठानिया ने धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल स्वच्छता प्रदान करना नहीं बल्कि समाज में स्वास्थ्य और विकास की दिशा में एक सकारात्मक संदेश फैलाना है।

Location : 
  • Bhubaneswar

Published : 
  • 3 March 2026, 2:03 PM IST