परीक्षा रद्द करना हल नहीं, CBI जांच से क्यों डर रही सरकार?: 50 हज़ार छात्रों के हुजूम के बाद रांची में बढ़ा सियासी पारा

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में धांधली को लेकर छात्रों का प्रदर्शन 18वें दिन भी जारी रहा। आधी रात को पुलिस की कार्रवाई के बाद नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी धरना स्थल पहुंचे और सरकार से परीक्षा में गड़बड़ी की सीबीआई (CBI) जांच की मांग की।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 12 August 2026, 10:50 AM IST

Ranchi: झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं का गुस्सा अब बेकाबू होता नज़र आ रहा है। भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ 'जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच' के बैनर तले छात्र पिछले 18 दिनों से आंदोलन पर डटे हुए हैं। प्रदर्शन को दबाने की तमाम कोशिशों के बावजूद छात्रों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम नहीं छोड़ेंगे।

आधी रात को भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे बड़े अफसर

आंदोलन के 18वें दिन मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अचानक हलचल बढ़ गई। उपायुक्त, एसएसपी, एसपी और एडीएम समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। आरोप है कि पुलिस प्रशासन ने बल प्रयोग कर छात्रों को वहां से हटाने और आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश की, जिससे प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच काफी हड़कंप मच गया।

Jharkhand Protest: छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में झारखंड बंद, कई जगहों पर प्रदर्शन और सड़कें जाम

बाबूलाल मरांडी का हमला

बुधवार सुबह छात्रों के बीच पहुंचे झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सिर्फ परीक्षा रद्द कर देना किसी समस्या का समाधान नहीं है। सरकार को यह बताना होगा कि धांधली क्यों और कैसे हुई। मरांडी ने आरोप लगाया कि सरकार सीबीआई (CBI) जांच से इसलिए भाग रही है क्योंकि जांच शुरू होते ही इसकी आंच सत्ता के शीर्ष पर बैठे लोगों तक पहुंच जाएगी।

छात्रों पर पड़ी लाठी… तो सड़कों पर उतरा गुस्सा: जलते टायर और थमे पहिये, देखें झारखंड बंद का पूरा हाल

मौन जुलूस और अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल से गर्माया माहौल

इससे पहले 50,000 से अधिक छात्रों ने एकजुट होकर 'मौन जुलूस' निकाला और अल्बर्ट एक्का चौक तक मार्च किया। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर 6 छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं, जिनमें से दो की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। छात्रों का कहना है कि सरकार की चुप्पी उनके हौसले को तोड़ नहीं सकती और उनका आंदोलन अब और तेज होगा।

Location :  Ranchi

Published :  12 August 2026, 10:42 AM IST