
बौछार के बीच छात्रों ने किया अनोखा प्रदर्शन (सोर्स-एक्स)
Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में जेपीएससी (JPSC) परीक्षा में कथित धांधली को लेकर छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। अपनी मांगों और सीबीआई (CBI) जांच की मांग पर अड़े हजारों छात्रों ने झारखंड विधानसभा का घेराव करने के लिए मार्च निकाला। यह आंदोलन उस समय और अधिक उग्र हो गया जब प्रदर्शनकारी छात्र बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा की ओर तेजी से आगे बढ़ने लगे।
छात्रों के उग्र तेवर को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जगन्नाथपुर मंदिर के पास ही रोक लिया। इसके बावजूद, छात्र रुकने को तैयार नहीं हुए और बैरिकेडिंग के पार जाने की कोशिश में जुटे रहे। स्थिति को नियंत्रित करने और छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस को मजबूरन वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
पुलिस द्वारा पानी की तेज बौछार शुरू किए जाने के बाद भी आंदोलनकारी छात्रों का उत्साह बिल्कुल कम नहीं हुआ। इसके विपरीत, वाटर कैनन का पानी खुलते ही छात्र मस्ती के मूड में आ गए और कई छात्रों ने तंज कसते हुए कहा, "भइया, थोड़ा और प्रेशर मारो न"। पानी की तेज धार के बीच छात्रों ने जमकर 'रेन डांस' किया और इसे अपने अनूठे विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बना लिया।
JPSC-JSSC Protest: छात्रों पर जब हुआ वॉटर कैनन का इस्तेमाल तो जवाब में डांस Video वायरल#DevendraNathMahto #Ranchi #JPSC #JSSC #jharkhandprotest #Students #ViralVideo #DynamiteNews pic.twitter.com/t4dqqBxz85
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 10, 2026
इस हाई-वोल्टेज प्रदर्शन के दौरान एक दिलचस्प नजारा भी देखने को मिला। प्रदर्शन स्थल पर फिल्म 'पुष्पा' के मुख्य किरदार के जैसी शक्ल और अंदाज में एक व्यक्ति पहुंचा, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इसके बाद, पुलिस बल की भारी मौजूदगी के बीच सभी छात्रों ने पूरी एकजुटता के साथ राष्ट्रगान गाया। छात्र अपनी इन्हीं विभिन्न और अनोखी शैलियों के जरिए जेपीएससी परीक्षा में हुई कथित धांधली की निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग पर अड़े हुए हैं।
Location : Ranchi
Published : 10 August 2026, 1:26 PM IST