पत्थर से बांधकर नदी में फेंक दिया… गुवा में कबाड़ी कारोबारी की हत्या से सनसनी, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

गुवा में एक कबाड़ी कारोबारी की हत्या के बाद शव को बड़े पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंक दिया गया। रविवार सुबह शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 20 July 2026, 9:45 PM IST

Guwa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में एक कबाड़ी व्यवसायी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद शव को बड़े पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंक दिया गया। रविवार सुबह नदी से शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

20 साल से गुवा में कर रहा था कबाड़ का कारोबार

मृतक की पहचान 39 वर्षीय कुर्मान शेख के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा का रहने वाला था। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के बड़े भाई (मामा के बेटे) मुफुजुल शेख ने बताया कि कुर्मान शेख पिछले करीब 20 वर्षों से गुवा में रहकर कबाड़ का व्यवसाय कर रहा था।

चतरा के जंगल में दबोचा गया TSPC का वांछित उग्रवादी, कई संगीन मामलों का खुलेगा राज?

सुबह नदी से मिला शव

पुलिस के अनुसार, कुर्मान शेख हिरजीहाटिंग में किराये के मकान में अपने साथी अल्ताफ शेख के साथ रहता था। शनिवार रात करीब आठ बजे तक उसे इलाके में देखा गया था। इसके बाद रविवार सुबह उसका शव कारो नदी से बरामद हुआ। शव को बड़े पत्थर से बांधकर पानी में डुबो दिया गया था, जिससे हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की आशंका जताई जा रही है।

सिर पर वार कर हत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि कुर्मान शेख की हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर की गई। इसके बाद शव को पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंक दिया गया। गुवा थाना पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है।

झारखंड में बड़ा हादसा: हाईटेंशन तार से टकराया जगन्नाथ रथ, दो छात्रों की मौत; कई झुलसे

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को पश्चिम बंगाल के बेलडांगा, मुर्शिदाबाद लेकर रवाना हो गए। इस घटना के बाद गुवा और हिरजीहाटिंग क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Location :  Guwa

Published :  20 July 2026, 9:43 PM IST