मौसम का यू-टर्न: उत्तर भारत में थमी लू, दिल्ली-UP समेत 10 राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

देशभर में मौसम का मिजाज बदला। उत्तर-पश्चिम भारत में लू थमी। दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में आज आंधी, तेज बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट। जानिए अपने राज्य के मौसम का हाल।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 30 May 2026, 7:39 AM IST
google-preferred

New Delhi: देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है, जिससे भीषण गर्मी और लू (Heatwave) से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में चल रही लू की स्थिति अब थम गई है। वहीं, अगले 24 घंटे के भीतर मध्य भारत में भी लू का प्रकोप पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।

मौसम विभाग ने 29 से 31 मई के बीच उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ तूफानी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। इस दौरान 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-NCR में सुहाना हुआ मौसम

राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में पिछले दो दिनों से मौसम सुहाना बना हुआ है। IMD ने दिल्ली में अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राहत की बात यह है कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 3 डिग्री कम रहने की उम्मीद है।

यूपी-बिहार में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम का कड़ा रुख देखने को मिल रहा है। यूपी में 30 और 31 मई को हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। प्रयागराज, कानपुर, गाजीपुर, और रायबरेली जैसे जिलों में धूल भरी आंधी का विशेष असर दिखेगा। उधर, बिहार के पटना, राजगीर, और भागलपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि (Hailstorm) की चेतावनी है। बता दें कि शुक्रवार को पटना में 107 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं दर्ज की गई थीं।

UP Weather Alert: यूपी में बदलने वाला है मौसम, कई जिलों में बारिश का बड़ा अलर्ट, IMD ने दी चेतावनी

राजस्थान और झारखंड में धूल भरी आंधी का तांडव

राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और अजमेर जैसे संभागों में धूल भरी आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। राज्य में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में भारी गिरावट आएगी। वहीं, झारखंड के रांची, जमशेदपुर और धनबाद में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पहाड़ी राज्यों (उत्तराखंड, हिमाचल, JK) में बिगड़े हालात

पहाड़ी राज्यों में मौसम विभाग ने बेहद खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और चमोली में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और कुल्लू में भी ओले गिरने के साथ 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और गुलमर्ग जैसे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।

नौतपा के बीच मौसम का महा-यूटर्न: 20 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट, IMD की बड़ी भविष्यवाणी

दक्षिण और पूर्वोत्तर में भारी बारिश

एक तरफ जहां उत्तर भारत आंधी-बारिश से जूझ रहा है, वहीं दूसरी तरफ मॉनसून तेजी से दस्तक दे रहा है। अगले 2-3 दिनों में मॉनसून के दक्षिण-पश्चिम अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियां हैं। इसके प्रभाव से 1 से 4 जून के बीच असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश समेत पूर्वोत्तर राज्यों और केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक जैसे दक्षिण भारतीय राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Location :  New Delhi

Published :  30 May 2026, 7:39 AM IST

Advertisement