हिंदी
दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में बारिश के आसार (Img- Internet)
New Delhi: पूरा देश इस समय नौतपा की भीषण तपिश और झुलसा देने वाली गर्मी से बेहाल है। उत्तर भारत के कई राज्यों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। सुबह से ही चलने वाली गर्म हवाओं के कारण दोपहर होते-होते सड़कें सुनसान हो जाती हैं। हालांकि, इसी बीच मौसम विभाग (IMD) की ताजा भविष्यवाणी ने राहत और आफत दोनों के संकेत दिए हैं।
पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से अगले 48 घंटों में देश के मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। उत्तर भारत में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश से तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है, लेकिन नौतपा का पूर्ण असर 2 जून को ही समाप्त होगा।
मौसम विभाग और स्काईमेट की संयुक्त रिपोर्ट के अनुसार, देश के करीब 20 राज्यों में तेज आंधी, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और भारी बारिश का डबल अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसका सबसे व्यापक असर पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिण भारत के तटीय हिस्सों पर दिखेगा।
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में नौतपा की शुरुआत भीषण गर्मी और लू का रेड अलर्ट जारी
वातावरण में तेजी से बढ़ रही नमी और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण गर्मी के बीच अचानक तूफानी गतिविधियां बढ़ रही हैं। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में वज्रपात (बिजली गिरने) को लेकर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
दिल्ली-एनसीआर में जहां 26 और 27 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री के आसपास बना रहेगा, वहीं धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। आईएमडी ने 29 मई के लिए दिल्ली में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। दूसरी तरफ, उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से करवट ले रहा है।
मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद से लेकर वाराणसी और गोरखपुर तक 50 से 55 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं। हालांकि, बारिश के बाद उमस बढ़ने की भी आशंका है, जिससे किसानों को अपनी फसल सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
बिहार के कई जिलों जैसे गया, दरभंगा, पूर्णिया और कटिहार में 60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की गंभीर चेतावनी दी गई है। झारखंड के रांची, धनबाद और जमशेदपुर में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने से 60 से 70 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी आ सकती है।
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी और कोलकाता सहित कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिसके चलते मौसम विभाग ने लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है।
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का कहर, लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों (शिमला, मनाली, नैनीताल) में तेज बारिश और ओलावृष्टि के कारण भूस्खलन (Landslide) का खतरा बढ़ गया है, जिससे पर्यटकों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। इसके उलट, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में फिलहाल हीटवेव (लू) का सितम जारी रहेगा, हालांकि मई के अंत तक वहां भी आंधी-बारिश की संभावना है। राहत की सबसे बड़ी खबर दक्षिण भारत से है, जहां केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में मानसून की आहट तेज हो गई है और लगातार भारी बारिश का दौर जारी है।
Location : New Delhi
Published : 26 May 2026, 8:36 AM IST