Site icon Hindi Dynamite News

दक्षिण भारत में 20 अक्टूबर तक मूसलधार बारिश का अलर्ट, उत्तर भारत में ठंड बढ़ने के संकेत

भारत में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। दक्षिण भारत में जहां 20 अक्टूबर तक मूसलधार बारिश की संभावना है, वहीं उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
Post Published By: Nidhi Kushwaha
Published:
दक्षिण भारत में 20 अक्टूबर तक मूसलधार बारिश का अलर्ट, उत्तर भारत में ठंड बढ़ने के संकेत

New Delhi: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में 16 से 20 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन राज्यों में कुछ जगहों पर बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बन रहे दबाव के कारण दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में मानसून की गतिविधि सक्रिय बनी हुई है। इस कारण यहां मूसलधार बारिश होने की संभावना है।

उत्तर भारत में मौसम ने बदली करवट

उत्तर भारत में अब मानसून की विदाई हो चुकी है और धीरे-धीरे सर्दी ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। यूपी, बिहार, उत्तराखंड और राजस्थान समेत कई राज्यों में सुबह और रात के समय हल्की सिहरन महसूस की जा रही है। लखनऊ, बनारस, कानपुर और प्रयागराज जैसे शहरों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ रही है।

उत्तराखंड मौसम में बड़ा ट्विस्ट! पहाड़ों में बारिश, मैदानों में गुलाबी ठंड, जानिए मौसम का पूरा हाल

लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार, 16 से 20 अक्टूबर तक यूपी में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिवाली के बाद तापमान में और गिरावट की उम्मीद है, जिससे सर्दी का असर और बढ़ेगा।

बिहार में उमस और बादल

बिहार के कई जिलों में आज बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। पटना, सिवान, दरभंगा और समस्तीपुर जैसे क्षेत्रों में हल्की उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। मानसून के दौरान आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों में अब मौसम सामान्य होता दिख रहा है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में रहेगा साफ मौसम

मध्य भारत में फिलहाल मौसम पूरी तरह शांत है। मध्य प्रदेश और राजस्थान के सभी जिलों में मौसम विभाग ने ग्रीन जोन घोषित किया है। 20 अक्टूबर तक किसी तरह की बारिश या तूफान की चेतावनी नहीं दी गई है। दिवाली के अवसर पर यहां साफ और खुशनुमा मौसम रहने की संभावना है।

Weather Update: दिल्ली-यूपी में गुलाबी ठंड की आहट, जानिए देशभर के मौसम का ताजा अपडेट

उत्तराखंड में भी राहत

उत्तराखंड में हाल ही में हुई बारिश और बादल फटने की घटनाओं के बाद अब मौसम शांत हो गया है। मौसम विभाग ने सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा है। हालांकि, राज्य में तापमान धीरे-धीरे गिर रहा है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ रही है।

Exit mobile version