Delhi University के दयाल सिंह इवनिंग कॉलेज में पहली एलुमनाई मीट, आखिर क्यों भावुक हो उठे पूर्व छात्र?

दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध दयाल सिंह इवनिंग कॉलेज में पहली एलुमनाई मीट आयोजित हुई, जिसमें करीब 150 पूर्व छात्रों ने भाग लिया। दीप प्रज्वलन, सांस्कृतिक प्रस्तुति और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा के साथ कार्यक्रम भावनात्मक और प्रेरणादायक रहा।

Updated : 26 February 2026, 4:28 PM IST
google-preferred

Delhi: दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध दयाल सिंह इवनिंग महाविद्यालय ने 24 फरवरी 2026 को अपना प्रथम एलुमनाई मीट सफलतापूर्वक आयोजित किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर लगभग 150 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें महाविद्यालय के पूर्व छात्र, वर्तमान संकाय सदस्य तथा विशिष्ट अतिथि शामिल रहे। वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलकर पूर्व छात्र भावुक भी दिखे और परिसर का वातावरण जीवंत हो उठा।

दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' तथा विश्वविद्यालय कुलगीत का सामूहिक गायन किया गया, जिसने पूरे समारोह को गरिमामय और सांस्कृतिक स्वर प्रदान किया। उपस्थित सभी लोगों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत का स्वागत किया।

Delhi University: गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने वाले छात्रों को मिलेगी विशेष छूट! जानिए क्या है विशेष छूट

प्राचार्या का प्रेरक उद्घाटन संबोधन

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. भावना पांडेय ने उद्घाटन संबोधन में एलुमनाई मीट के प्रथम आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल पुनर्मिलन का अवसर नहीं, बल्कि अनुभवों और उपलब्धियों को साझा करने का मंच भी है। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे पूर्व छात्रों और महाविद्यालय के बीच संबंध और अधिक सुदृढ़ होंगे।

Dayal Singh Evening CollegeAlumni Meet

दीप प्रज्वलन से शुरू हुआ आयोजन (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)

एलुमनी समिति और SETU की सक्रिय भूमिका

स्वागत भाषण एलुमनी समिति के संयोजक डॉ महेश कुमार दीपक ने दिया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का हार्दिक स्वागत करते हुए संस्थान के विकास में पूर्व छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एलुमनाई किसी भी संस्थान की शक्ति होते हैं और उनका मार्गदर्शन वर्तमान छात्रों के लिए अमूल्य होता है।

महाविद्यालय की आधिकारिक एलुमनाई संघ 'SETU' के अध्यक्ष डॉ विशाल सहाय ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में एलुमनी नेटवर्क को सशक्त बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।

Dayal Singh Evening CollegeAlumni Meet

पूर्व छात्रों की उपस्थिति ने बढ़ाया गौरव (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़

इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य प्रो पवन कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे। उनके कार्यकाल में वर्ष 2022 में SETU एलुमनी एसोसिएशन की स्थापना हुई थी। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। उन्होंने अपने संबोधन में संस्थान की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और पूर्व छात्रों से निरंतर सहयोग की अपेक्षा की।

दिवंगत प्राचार्य को श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के दौरान दिवंगत प्राचार्य दीपक मल्होत्रा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संकाय सदस्यों और पूर्व छात्रों ने उनके योगदानों को स्मरण करते हुए दो मिनट का मौन रखा। उनके कार्यकाल में महाविद्यालय ने कई शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल की थीं, जिन्हें सभी ने आदरपूर्वक याद किया।

भविष्य की योजनाओं पर चर्चा

एलुमनाई मीट में भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। नियमित एलुमनी मीटिंग्स आयोजित करने, वर्तमान छात्रों के लिए मेंटरशिप सत्र शुरू करने तथा शैक्षणिक और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसे प्रस्तावों पर सहमति बनी। इसके अतिरिक्त संस्थान के विकास हेतु पूर्व छात्रों के सहयोग को संरचित रूप देने पर भी विचार किया गया।

Delhi University’s Convocation: दिल्ली विश्वविद्यालय ने घोषित की दीक्षांत समारोह की तिथि, जानिये पूरा शेड्यूल

धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम का समापन प्रो पूनम गुप्ता द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, पूर्व छात्रों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। अंत में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया और इसी के साथ प्रथम एलुमनाई मीट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 26 February 2026, 4:28 PM IST

Advertisement
Advertisement