
जज अमन कुमार शर्मा का फाइल फोटो (सोर्स: गूगल)
New Delhi: दिल्ली के सफदरजंग इलाके में हुई जज अमन कुमार शर्मा की आत्महत्या ने सनसनी फैला दी है। एक ऐसे शख्स की जिंदगी अचानक खत्म हो गई, जो कानून का रखवाला था। लेकिन सवाल ये है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि उन्हें इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा। इस मामले में सामने आई पारिवारिक कहानी अब इसे और भी रहस्यमयी और गंभीर बना रही है।
आखिरी कॉल में झलक रहा था दर्द
मृतक के पिता ने बताया कि घटना वाली रात करीब 10 बजे अमन का फोन आया था। उनकी आवाज बेहद परेशान और टूटी हुई लग रही थी। उन्होंने कहा कि वह बहुत तनाव में हैं और उनका जीना मुश्किल हो गया है। पिता ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन बेटे की हालत देखकर वह खुद घबरा गए और तुरंत अलवर से दिल्ली के लिए निकल पड़े। आधी रात के करीब जब वह घर पहुंचे, तब हालात पहले से ज्यादा बिगड़े हुए थे।
वैवाहिक जिंदगी बनी तनाव की वजह
घर पहुंचने के बाद अमन ने पिता को बताया कि पिछले दो महीनों से उनकी पत्नी के साथ लगातार विवाद चल रहा था। उन्होंने खुद को मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस करने की बात कही। पिता का आरोप है कि अमन की पत्नी, जो खुद एक ज्यूडिशियल ऑफिसर हैं, घर में दबदबा बनाए रखती थीं। साथ ही उनकी IAS बहन निधि का भी हर फैसले में दखल था, जिससे अमन को लगता था कि उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही।
अमन और उनकी पत्नी अलग-अलग कमरों में थे
पिता के मुताबिक, जब उन्होंने बहू से बात करने की कोशिश की तो उन्हें घर छोड़ने की धमकी दी गई। यहां तक कि पुलिस बुलाने की बात भी कही गई। उन्होंने बहू के परिजनों से संपर्क किया, लेकिन किसी ने भी इस मामले में हस्तक्षेप नहीं किया। रात के दौरान घर का माहौल बेहद तनावपूर्ण रहा। अमन और उनकी पत्नी अलग-अलग कमरों में थे, लेकिन बहस और ऊंची आवाजें साफ सुनाई दे रही थी।
बाथरूम में मिला शव, सबकुछ खत्म
कुछ समय बाद जब अमन नजर नहीं आए तो पिता को चिंता हुई। उन्होंने बेटे के फोन पर कॉल किया, जिसकी घंटी बाथरूम से आ रही थी। दरवाजा तोड़ने पर अंदर का दृश्य चौंकाने वाला था। अमन फंदे से लटके हुए मिले। उन्होंने पत्नी की चुन्नी से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी थी।
पुलिस का क्या कहना है?
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और सच्चाई सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : New Delhi
Published : 3 May 2026, 2:45 PM IST
Topics : crime news Delhi News Delhi Police Safdarjung