
श्रावणी मेला 2026 (Img: Dynamite News)
Deoghar: झारखंड के देवघर में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। मेले के भव्य आयोजन में अब लगभग 60 दिन यानी दो माह का समय शेष बचा है। बाबा बैद्यनाथ धाम में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर हैं। मेला क्षेत्र से लेकर कांवरिया पथ तक चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। हालांकि, इस बार स्वास्थ्य विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की भारी कमी बनकर उभरी है।
सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार ने मीडिया को बताया कि विभाग में वर्तमान में मैनपावर की भारी कमी है। इस संकट से निपटने के लिए राज्य सरकार को पत्र भेजकर अतिरिक्त डॉक्टरों, नर्सों, फार्मासिस्टों और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ की मांग की गई है, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को चौबीसों घंटे बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। अधिकारियों को उम्मीद है कि मेले की शुरुआत से पहले सरकार द्वारा अतिरिक्त बल तैनात कर दिया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले श्रावणी मेले के दौरान देवघर जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा दर्जनों अस्थायी स्वास्थ्य शिविर संचालित किए गए थे। उस दौरान मेला अवधि में लगभग 1.75 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया था। कांवरिया पथ, दुम्मा, सरासनी, बैद्यनाथ मंदिर परिसर और प्रमुख पड़ाव स्थलों पर 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं संचालित की गई थीं, जहां गंभीर मरीजों को तत्काल एम्बुलेंस से सदर अस्पताल रेफर किया गया था।
Fair Return Tragedy: शादी के चार महीने बाद उजड़ा सुहाग, मेले से लौट रहे परिवार पर मौत बनकर चढ़ा ट्रक
कांवरिया पथ पर पैदल चलने के कारण श्रद्धालुओं में सबसे अधिक मामले हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, पैरों में जख्म, वायरल संक्रमण और अत्यधिक थकान के देखे जाते हैं। सूत्रों की मानें तो इस बार ओआरएस पैकेट, जीवनरक्षक दवाओं, स्ट्रेचर, व्हीलचेयर और एम्बुलेंस नेटवर्क को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही, महिला श्रद्धालुओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से विशेष चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित करने पर भी चर्चा चल रही है।
Location : Deoghar
Published : 1 June 2026, 1:30 PM IST