हिंदी
कौन हैं अनुराग कुमार (Img: Dynamite News)
New Delhi: केंद्र सरकार ने दिल्ली पुलिस की कमान 1994 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को सौंप दी है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, अनुराग कुमार अब आईपीएस सतीश गोलचा की जगह दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर होंगे। उनकी नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक जारी रहेगी।
अनुराग कुमार वर्तमान में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली अपॉइंटमेंट्स कमेटी ऑफ कैबिनेट (ACC) ने पहले उन्हें आईबी से उनके मूल एजीएमयूटी (AGMUT) कैडर में वापस भेजा। इसके अगले ही दिन उन्हें दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त कर दिया गया।
अनुराग कुमार का पुलिसिंग करियर दिल्ली पुलिस से ही शुरू हुआ था। उन्होंने राजधानी के कई महत्वपूर्ण जिलों में डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) के रूप में सेवाएं दी हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील मामलों को संभालने का उन्हें लंबा अनुभव है।
बाद में उनकी नियुक्ति इंटेलिजेंस ब्यूरो में हुई, जहां उन्होंने वर्षों तक विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और अपनी कार्यशैली के दम पर स्पेशल डायरेक्टर के पद तक पहुंचे।
अनुराग कुमार की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा, साइबर अपराध, वीआईपी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था जैसी कई बड़ी चुनौतियां सामने हैं। खुफिया एजेंसी में लंबे अनुभव और दिल्ली पुलिस की गहरी समझ को देखते हुए सरकार ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
अनुराग कुमार ने 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा का स्थान लिया है। आधिकारिक आदेश के अनुसार, अनुराग कुमार के कार्यभार संभालते ही सतीश गोलचा को आगे की पोस्टिंग के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल को रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि उनका सेवानिवृत्ति (रिटायरमेंट) अप्रैल 2027 में प्रस्तावित था, लेकिन उससे पहले ही उन्हें कमिश्नर पद से हटा दिया गया।
बड़ी खबर: सतीश गोलचा को दिल्ली के सीपी पद से हटाया गया, अनुराग कुमार बने दिल्ली पुलिस के प्रमुख
दिल्ली पुलिस की कमान संभालने के बाद अनुराग कुमार के सामने राजधानी में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध पर लगाम और आधुनिक पुलिसिंग को आगे बढ़ाने जैसी बड़ी जिम्मेदारियां होंगी। ऐसे में अब सभी की नजर उनके नेतृत्व और आने वाली रणनीतियों पर रहेगी।
Location : New Delhi
Published : 17 July 2026, 11:37 AM IST