हिंदी
देवघर में श्रावणी मेला शुरू (Img: Dynamite News)
Deoghar: बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में आस्था के सबसे बड़े महापर्व का शंखनाद हो चुका है। विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला-2026 का बुधवार को विधिवत शुभारंभ कर दिया गया। झारखंड सीमा स्थित दुम्मा कांवरिया पथ पर 11 वैदिक पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ मेले का उद्घाटन हुआ।
इस दौरान, मंच पर मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, लेकिन उद्घाटन समारोह से कहीं बड़ा सवाल अब उन करोड़ों श्रद्धालुओं की उम्मीदों का है जो अगले एक महीने तक बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण करने देवघर पहुंचेंगे।
श्रावणी मेला हर वर्ष नई व्यवस्थाओं और नए दावों के साथ शुरू होता है। इस बार भी सरकार ने दावा किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार व्यवस्था का सबसे बड़ा आधार आधुनिक तकनीक को बनाया गया है। सरकार का कहना है कि अब भीड़ प्रबंधन से लेकर सुरक्षा तक, हर व्यवस्था पर हाईटेक सिस्टम की नजर रहेगी।
पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि इस बार पूरे मेला क्षेत्र में Artificial Intelligence (AI) आधारित निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। फेस रिकॉग्निशन कैमरे, ANPR सिस्टम, हेड काउंट कैमरे और डिजिटल मॉनिटरिंग के जरिए भीड़ पर लगातार नजर रखी जाएगी।
ये भी पढ़ें- श्रावणी मेला 2026: खत्म हुई डेटलाइन, अब प्रशासन की असली परीक्षा… 30 जुलाई से शुरू होगा आस्था का महासंगम
इस बार मेला क्षेत्र में QR Code आधारित डिजिटल शिकायत प्रणाली भी शुरू की गई है। अगर किसी श्रद्धालु को पेयजल, सफाई, बिजली, स्वास्थ्य सेवा या अन्य किसी व्यवस्था में कमी नजर आती है तो वह QR Code स्कैन कर फोटो के साथ शिकायत दर्ज करा सकेगा। प्रशासन का दावा है कि शिकायत मिलने के 15 मिनट के भीतर उसका समाधान किया जाएगा।
श्रावणी मेले को लेकर इस बार सबसे बड़ा प्रशासनिक फैसला VIP, VVIP और आउट ऑफ टर्न दर्शन को पूरी तरह बंद करने का लिया गया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार पूरे मेले के दौरान किसी को भी विशेष सुविधा नहीं दी जाएगी।
पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि श्रावण मास में देवघर आने वाला प्रत्येक कांवरिया देवतुल्य है और उसकी सेवा करना स्वयं भगवान शिव की सेवा करने के समान है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश सिर्फ मेला आयोजित करने की नहीं, बल्कि ऐसा अनुभव देने की है जिससे श्रद्धालु सुखद यादें लेकर अपने घर लौटें। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार हर वर्ष मेले की व्यवस्थाओं को और आधुनिक और जनहितकारी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
ये भी पढ़ें- देवघर में श्रावणी मेले की उल्टी गिनती शुरू, मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने बाबा बैद्यनाथ का लिया आशीर्वाद
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि पूरा देवघर बाबा के भक्तों के स्वागत के लिए तैयार है। उन्होंने अधिकारियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों से अपील की कि सभी मिलकर ऐसा वातावरण बनाएं जिससे यहां आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित महसूस करें और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से इस बार का श्रावणी मेला एक नई मिसाल कायम करेगा।
इस बार केवल सुरक्षा और सुविधा ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया है। शिवलोक परिसर में विशेष प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ड्रोन शो की तैयारी की गई है। प्रशासन का मानना है कि इससे बाबाधाम आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ आधुनिक प्रस्तुति का भी अनुभव मिलेगा।
Location : Deoghar
Published : 29 July 2026, 5:04 PM IST