शिव धाम में खेल प्रतिभाओं का सम्मान, सांसद निशिकांत दुबे ने खिलाड़ियों पर बरसाया प्यार और पैसा

देवघर के शिव धाम में आयोजित भव्य समारोह में अंतरराष्ट्रीय गोल शॉट बॉल खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। सांसद निशिकांत दुबे ने खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया। समारोह में खेल प्रतिभाओं और कोचों के योगदान की जमकर सराहना हुई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 May 2026, 3:29 PM IST

Deoghar: धार्मिक नगरी देवघर में सोमवार का दिन खेल और सम्मान के नाम रहा। सांसद निवास “शिव धाम” में आयोजित भव्य समारोह में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले गोल शॉट बॉल खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस खास मौके पर गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि अब देवघर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि खेल प्रतिभाओं की नई पहचान भी बन रहा है। पूरे कार्यक्रम के दौरान शिव धाम परिसर तालियों, उत्साह और देशभक्ति के जज्बे से गूंजता रहा।

खिलाड़ियों पर बरसा सम्मान और प्रोत्साहन

समारोह में सांसद निशिकांत दुबे ने खिलाड़ियों को अंगवस्त्र, माला, मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए कुल दो लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि भी दी गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर जोरदार तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।

अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद झारखंड और देवघर के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे राज्य और देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं अब विश्व स्तर पर भारत की पहचान बना रही हैं और आने वाले समय में झारखंड खेल के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगा।

इन खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश और झारखंड का गौरव

सम्मानित खिलाड़ियों में साक्षी भारद्वाज, रॉशन कुमार, अविनव कुमार, रोहित कुमार, आयुष रंजन, विश्वास कश्यप और आयुष संतोषी शामिल रहे। इन खिलाड़ियों ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर भारत और झारखंड का नाम रोशन किया है।

कार्यक्रम में खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा गया कि यह सम्मान केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। समारोह में मौजूद युवाओं और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

कोच राजेश रंजन को मिला विशेष सम्मान

इस अवसर पर झारखंड गोल शॉट बॉल संघ के सचिव और भारतीय टीम के कोच राजेश रंजन को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने और खेल को नई पहचान दिलाने में उनके योगदान की जमकर सराहना हुई।

सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे एक समर्पित कोच की बड़ी भूमिका होती है और राजेश रंजन ने झारखंड की प्रतिभाओं को वैश्विक मंच तक पहुंचाकर पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है।

देवघर में दिखी खेल और सम्मान की नई तस्वीर

समारोह में देवघर जिला गोल शॉट बॉल संघ के अध्यक्ष रितुराज, प्रदेश सचिव मनीष सिंह, अतिरिक्त सचिव बमबम दूबे, कार्यकारी सदस्य सौरभ राय, नीरज प्रकाश, अमित ठाकुर और आशीष सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। खिलाड़ियों के चेहरों पर सम्मान की खुशी साफ दिखाई दे रही थी।

खिलाड़ियों ने सांसद निशिकांत दुबे का आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा लेकर आया है। शिव धाम में आयोजित यह समारोह केवल खिलाड़ियों का सम्मान नहीं, बल्कि उस नए झारखंड की तस्वीर बनकर सामने आया, जहां प्रतिभाओं को पहचान, सम्मान और आगे बढ़ने का मजबूत मंच मिल रहा है।

Location :  Deoghar

Published :  18 May 2026, 3:19 PM IST