
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Delhi MCD: दिल्ली नगर निगम से जुड़े रिश्वतखोरी के दो अलग-अलग मामलों में जांच एजेंसियों ने कार्रवाई की है। एक मामले में सीबीआई ने 15 लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते वरिष्ठ सचिवालय सहायक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरे मामले में एसीबी ने पेंशन फंड जारी करने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते एमसीडी के डीलिंग असिस्टेंट को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई के मुताबिक, 15 लाख रुपये की रिश्वत के मामले में दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ सचिवालय सहायक अनिल कुमार उर्फ खत्री को गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ नैक्स क्रिएटर्स के निदेशक अनंत कुमार शर्मा और कंपनी के स्टाफ दिलीप पटेल को भी पकड़ा गया है।
आरोप है कि टेंडर की अवधि समाप्त होने के बाद भी बिलबोर्ड, होर्डिंग और एलईडी डिस्प्ले लगाने की अनुमति देने के बदले रिश्वत की रकम मांगी और ली जा रही थी। सीबीआई ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के ठिकानों से 25.25 लाख रुपये नकद बरामद होने की बात सामने आई है। अन्य ठिकानों की भी तलाशी ली जा रही है।
दूसरा मामला एमसीडी शाहदरा दक्षिण जोन कार्यालय से जुड़ा है। यहां एसीबी ने डीलिंग असिस्टेंट संजय को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोप है कि एमसीडी से सेवानिवृत्त हुए एक पूर्व सफाई कर्मचारी के पेंशन फंड को जारी करने के बदले 70 हजार रुपये की मांग की गई थी।
शिकायतकर्ता 30 सितंबर 2024 को सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन फंड की राशि जारी नहीं हुई थी। इसे लेकर वह अपने पिता के साथ कई बार शाहदरा दक्षिण जोन कार्यालय गए। शिकायत के मुताबिक, पेंशन फंड से जुड़े काम को देखने वाले डीलिंग असिस्टेंट संजय ने रकम की मांग की।
एसीबी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोपी को पहले भी अलग-अलग मौकों पर कुछ रकम दी थी। शिकायत में करीब 70 हजार रुपये पहले दिए जाने की बात कही गई, लेकिन इसके बावजूद पेंशन फंड जारी नहीं हुआ।
इसके बाद आरोपी ने फिर 70 हजार रुपये की मांग की और पहली किस्त के तौर पर 20 हजार रुपये देने को कहा। शिकायतकर्ता ने 14 सितंबर को एसीबी से संपर्क किया।
14 सितंबर की शाम करीब 4:40 बजे एसीबी की टीम शिकायतकर्ता और पंच गवाह के साथ एमसीडी के दक्षिण जोन कार्यालय परिसर पहुंची। एसीबी के अनुसार, तय स्थान पर संजय ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम मांगी और 10 हजार रुपये स्वीकार किए। रकम लेते ही टीम ने उसे पकड़ लिया।
मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इस तरह एमसीडी से जुड़े दोनों मामलों में जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बाद अब आगे की जांच जारी है।
Location : New Delhi
Published : 17 September 2026, 8:25 AM IST
Topics : ACB CBI Corruption Delhi MCD Delhi News