
आग बुझाते दमकलकर्मी
New Delhi: राजधानी दिल्ली के रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास गुरुवार तड़के झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते करीब 50 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। आग बुझाने के बाद मलबे में एक लड़की का जला हुआ शव बरामद हुआ, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4:15 बजे झुग्गियों में आग लगने की सूचना दिल्ली अग्निशमन सेवा को मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 15 से 16 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
घनी बस्ती होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कई झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे की कोशिश के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
आग बुझाने के बाद जब मलबे की तलाशी ली गई तो एक लड़की का जला हुआ शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं।
Location : New Delhi
Published : 5 March 2026, 12:40 PM IST
Topics : death Delhi Fire department Huts Fire Rithala