
रामलीला मैदान में आज कांग्रेस की महारैली (Source: X)
New Delhi: दिल्ली के रामलीला मैदान में आज यानी 1 नवंबर को कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की महारैली होने जा रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आयोजित इस रैली को लेकर राजधानी में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शनिवार से ही अलग-अलग राज्यों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों का मजमा दिल्ली में लगने लगा था। इसके चलते कई प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति भी देखने को मिली।
रैली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने 20 अलग-अलग कमेटियों को जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। रामलीला मैदान को 14 जोन में बांटा गया है और करीब 4 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर रैली का मैप साझा किया है। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'कल मिलते हैं, साथ चलते हैं!' उनके द्वारा साझा किए गए रूट में कनॉट प्लेस, मिंटो रोड जंक्शन और अजमेरी गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचने का रास्ता दिखाया गया है।
रैली में आने वाले लोगों की भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं को भी तैनात किया जाएगा। ये कार्यकर्ता पुलिस के साथ मिलकर भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे।
नमस्कार,
चलो दिल्ली रामलीला मार्च, लोकतंत्र को बचाने का, वोट चोरी को रोकने का, संविधान को बचाने का मार्च है।
यह किसी एक राजनीतिक पार्टी का मार्च नहीं - यह हिंदुस्तान की आत्मा का मार्च है।
सब लोग जो नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार से तंग हैं। सब लोग जो लोकतंत्र को बचाना चाहते हैं, संविधान की रक्षा करना चाहते हैं, आप सब आइए।
एक ही protest है - देश का protest है।
Don't worry about the police, don't worry about lathis - the BJP will not have the guts to try any of their antics.
Come march with us - we will walk together to protect the Constitution, to protect the Indian nation.
घबराने की जरूरत नहीं है।
I urge all student groups, regardless of your political affiliation - if you feel that India is under attack, if you feel you are under attack, your expression, your ideas, your way of thinking is under attack, come and join us.
It will be a fantastic march, and it's a march for the soul of this country.
Looking forward to seeing all of you there.
🗓️ 1 नवंबर
📍 रामलीला मैदान, नई दिल्ली#ChaloDilli
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 29, 2026
रैली से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक और राजनीतिक गतिविधियां देखने को मिलीं। विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपने कार्यक्रम को 'जनता की अदालत में महाभियोग' नाम दिया है।
विपक्षी नेताओं का आरोप है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली निष्पक्ष नहीं है और सत्ताधारी दल को फायदा पहुंचाया जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए विपक्षी दल एकजुट होकर अपनी आवाज उठा रहे हैं।
रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रामलीला मैदान को 14 जोन में बांटा गया है। करीब 4 हजार पुलिसकर्मियों को सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा प्रमुख चौराहों पर 150 अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
मैदान और आसपास के इलाकों में 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। करीब 1,000 पुलिसकर्मी बॉडी वॉर्न कैमरों से लैस रहेंगे। प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
दिल्ली पुलिस ने रैली के आयोजन के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक की अनुमति दी है। हालांकि, इसके लिए संबंधित विभाग की मंजूरी और निर्धारित शर्तों का पालन करना जरूरी होगा।
आयोजकों को रैली में आने वाले लोगों के लिए जरूरी सुविधाएं और पर्याप्त निगरानी व्यवस्था करनी होगी। कार्यक्रम खत्म होने के बाद मैदान के बाहर जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। शाम 5 बजे तक कार्यक्रम समाप्त कर भीड़ को व्यवस्थित तरीके से रवाना करना होगा।
इस महारैली में महाराष्ट्र से करीब 5 हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सत्ताधारी दल के प्रभाव में काम कर रहा है। उनके मुताबिक, चुनाव लोकतंत्र की आत्मा हैं और उनकी निष्पक्षता पर सवाल उठना संविधान के लिए चिंता का विषय है।
रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया है। रामलीला मैदान के आसपास प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। ऐसे में कनॉट प्लेस, मिंटो रोड जंक्शन और अजमेरी गेट के आसपास जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी जाती है।
Location : New Delhi
Published : 1 November 2026, 8:30 AM IST