
डाइनामाइट न्यूज से बातचीत करते CJP संस्थापक अभिजीत दिपके
New Delhi: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी है। नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके अपने समर्थकों के साथ धरने पर डटे हुए हैं। प्रदर्शन की निर्धारित अनुमति समाप्त होने के बावजूद आंदोलन जारी है। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार नोकझोंक भी देखने को मिली है। वहीं, आंदोलन को लेकर कैंडल मार्च की घोषणा ने भी इसे चर्चा के केंद्र में बनाए रखा है।
20 जून को दिल्ली पुलिस से अनुमति मिलने के बाद अभिजीत दिपके अपने समर्थकों के साथ जंतर-मंतर पहुंचे। प्रदर्शन की शुरुआत शांतिपूर्ण तरीके से हुई, जहां बड़ी संख्या में छात्र, युवा और अभिभावक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पोस्टर लेकर और थाली-चम्मच बजाकर परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही की मांग उठाई।
शाम होते-होते पुलिस ने प्रदर्शन की निर्धारित अवधि समाप्त होने की जानकारी दी और धरनास्थल खाली करने का आग्रह किया। हालांकि अभिजीत दिपके और उनके समर्थकों ने प्रदर्शन समाप्त करने से इनकार कर दिया। दीपके ने मंच से घोषणा की कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
रात के समय भी प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर डटे रहे। इस दौरान पुलिस की ओर से कई बार धरनास्थल खाली करने की अपील की गई। अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि कुछ समय के लिए बिजली और पानी की आपूर्ति रोक दी गई थी, हालांकि बाद में दोनों सेवाएं बहाल कर दी गईं। प्रदर्शनकारियों ने पूरी रात धरनास्थल पर बिताई और स्वयंसेवकों की ओर से भोजन एवं लंगर की व्यवस्था भी की गई।
CJP Protest : जंतर-मंतर पर रात को अभिजीत दीपके ने किससे मांगी मदद? जानिए हाथ जोड़कर क्या बोले
21 जून को री-नीट परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा शुरू होने से पहले अभिजीत दिपके ने एक वीडियो संदेश जारी कर परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों से परीक्षा समाप्त होने के बाद जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की।
सुबह करीब नौ बजे से प्रदर्शन दोबारा शुरू हुआ। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की और नीट विवाद में जवाबदेही तय करने की मांग उठाई। इस दौरान कई बार आरोप लगाया गया कि पुलिस लोगों को धरनास्थल तक पहुंचने से रोक रही है।
शाम को री-नीट परीक्षा समाप्त होने के बाद कुछ छात्र और अभिभावक प्रदर्शन स्थल पहुंचे। हालांकि उनकी संख्या आंदोलनकारियों की अपेक्षा के अनुरूप नहीं रही। इसके बावजूद प्रदर्शन जारी रहा और समर्थकों ने आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। धरनास्थल पर मौजूद लोगों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन खत्म नहीं किया जाएगा।
22 जून को आंदोलन तीसरे दिन में प्रवेश कर गया। अभिजीत दिपके ने घोषणा की कि नीट विवाद और आत्महत्या करने वाले छात्रों की याद में शाम को कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
दिनभर प्रदर्शन जारी रहा और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार बहस भी हुई। दिपके ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पहुंचने वाले कुछ लोगों से आधार कार्ड दिखाने के लिए कहा गया। उन्होंने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब जंतर-मंतर आने के लिए भी लोगों को पहचान पत्र दिखाना पड़ेगा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं पुलिस लगातार कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन कराने की कोशिश कर रही है।
जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
सीजेपी और आंदोलन में शामिल प्रदर्शनकारियों ने चार प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण मांग नीट परीक्षा में हुए कथित पेपर लीक की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच है। इसके अलावा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई जा रही है।
प्रदर्शनकारी आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को न्याय और उचित मुआवजा देने की भी मांग कर रहे हैं। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रणाली में व्यापक सुधार लागू करने की मांग भी आंदोलन का हिस्सा है।
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की शुरुआत एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन अभियान के रूप में हुई थी। धीरे-धीरे यह सोशल मीडिया आंदोलन से निकलकर एक संगठित जन अभियान में बदल गया। संगठन ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
जून की शुरुआत में पार्टी ने पहली बार जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए थे। इसके बाद संगठन ने विभिन्न राज्यों में भी आंदोलन और जनसभाएं शुरू कीं। अब 20 जून से शुरू हुआ जंतर-मंतर का यह धरना लगातार तीसरे दिन भी जारी है और प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
Location : New Delhi
Published : 22 June 2026, 3:17 PM IST
Topics : Abhijeet Deepke CJP Protest Dharmendra Pradhan Resignation Jantar Mantar Protest NEET Paper Leak