
चंद्रनाथ रथ और शुभेंदु अधिकारी (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
West Bengal: जांच करने वाले पुलिस अफसरों को कहना है कि हत्या में इस्तेमाल की गई कार हावड़ा के बल्ली टोल प्लाजा से गुजरी थी, जहां उसमें सवार लोगों ने यूपीआई के जरिए टोल टैक्स का भुगतान किया था। कोलकाता पुलिस ने इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड में उत्तर प्रदेश से तीन कथित शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। तीनों से भवानी भवन में पूछताछ की गई और बाद में उन्हें बारासात कोर्ट में पेश किए जाने की तैयारी की गई।
कैसे किया था मर्डर?
चंद्रनाथ रथ की हत्या छह मई की रात मध्यमग्राम इलाके में उस समय की गई थी, जब वह अपने घर लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, उनकी एसयूवी को एक सिल्वर रंग की कार ने रोका, जिसके बाद बाइक सवार हमलावरों ने बेहद करीब से उन पर गोलियां बरसा दी।
सीसीटीवी से बचने के लिए चुनी गई जगह
जांच एजेंसियों का मानना है कि यह हमला पूरी तरह से सुनियोजित था। पुलिस का कहना है कि हमलावरों ने वारदात से पहले इलाके की डिटेल रेकी की थी और ऐसी जगह चुनी जहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी नहीं थी। हमले के बाद आरोपी कार छोड़कर लाल रंग की दूसरी कार और मोटरसाइकिलों से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने दो मोटरसाइकिल बरामद की, जिनमें एक घटनास्थल के पास और दूसरी बारासात इलाके से मिली।
ग्लॉक 47 एक्स पिस्तौल का इस्तेमाल किया
जांच में सामने आया है कि हत्या में ऑस्ट्रिया निर्मित अत्याधुनिक ग्लॉक 47 एक्स पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया था। इस खुलासे के बाद राज्य और केंद्रीय खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इस हत्याकांड के तार किसी अंतरराष्ट्रीय या सीमा पार नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं। अधिकारियों को शक है कि हमलावर उत्तर प्रदेश या बांग्लादेश सीमा के पार से आए भाड़े के शूटर हो सकते हैं।
SIT कर रही मामले की जांच
इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच के लिए सीआईडी और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया है। पुलिस का कहना है कि निजी दुश्मनी, राजनीतिक कारण और आपराधिक साजिश समेत हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।
Location : West Bengal
Published : 11 May 2026, 9:38 AM IST