पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम पर बाबा रामदेव का बड़ा बयान, बोले- वर्चस्ववाद के उन्माद में पगलाए विपक्षियों के लिए…

West Bengal Election Results 2026: योग गुरु बाबा रामदेव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा की बढ़त, विपक्षी दलों के लिए सबक, लोकतंत्र और जनता के महत्व पर जोर दिया।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 4 May 2026, 4:43 PM IST

West Bengal Election Results 2026: योग गुरु बाबा रामदेव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो परिणाम सामने आए हैं, वह अप्रत्याशित और ऐतिहासिक हैं। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की जीत की संभावना स्पष्ट हो रही है और यह बहुत मायनों में सबक है कि पार्टी इस राज्य में स्थापित है और उसे कोई हिला नहीं सकता।

बाबा रामदेव ने कहा, "पश्चिम बंगाल में जो हुआ वह अप्रत्याशित है, ऐतिहासिक है। बहुत मायनों में यह सबक है कि हम यहां मजबूत हैं और हमारी स्थिति को कोई चुनौती नहीं दे सकता।"

वर्चस्ववाद पर चेतावनी

योग गुरु ने विपक्षी दलों और उनके समर्थकों को चेतावनी देते हुए कहा कि "वर्चस्ववाद के उन्माद में जो लोग पगलाए हुए थे, उनके लिए पश्चिम बंगाल का यह चुनाव एक बड़ा सबक है। अब अगर आपको विजय हासिल करनी है, तो अंतिम वोटर से लेकर बूथ मैनेजमेंट तक राजनीति की हर दिशा को साधना होगा।"

उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग हिंदू समाज को जाति, वर्ग और समुदायों में बांटकर मजहबी तुष्टिकरण कुचक्र स्थापित करना चाहते थे, उनके लिए भी यह चुनाव एक स्पष्ट संदेश है।

Bengal Election Result 2026: नई पार्टी AJUP का धमाका, हुमायूं कबीर दोनों सीटों पर आगे

विपक्ष को संदेश: चुनाव आयोग और ईवीएम को दोष न दें

बाबा रामदेव ने विपक्षी दलों को सलाह दी कि वे चुनाव आयोग या ईवीएम पर हार का ठीकरा न फोड़ें। उन्होंने कहा, "आत्ममूल्यांकन और आत्मपरिष्कार के साथ नई सोच और संकल्पों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। विजयी न होने पर भी मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए खुद को तैयार करें।"

रामदेव ने लोकतंत्र में नैतिकता, नेतृत्व और चरित्र के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी पद पर बैठे नेता को बड़ा मत समझना चाहिए। उनका मानना है कि संविधान, कानून और पुरुषार्थ सबसे बड़े हैं और अगर नेता की नीयत, नीतियां और नेतृत्व मजबूत हैं तो वही वास्तव में बड़े हैं।

लोकतंत्र और जनतंत्र की अहमियत

उन्होंने लोकतंत्र के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि वोटतंत्र और जनतंत्र सबसे बड़ा है। चाहे नेता किसी भी स्तर पर हों- गांव के सरपंच, वार्ड मेंबर, विधायक, सांसद, प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति- उन्हें खुद को बड़ा मत समझना चाहिए। उन्होंने चेताया कि बड़े साम्राज्य पहले भी ढहे हैं, आज भी ढह रहे हैं और भविष्य में भी ढहते रहेंगे। इसलिए जीवित रहने और टिके रहने के लिए लगातार लड़ना होगा।

West Bengal Election Result: कैसा है उन दो सीटों का हाल जिन पर कराई गई रीपोलिंग?

पश्चिम बंगाल की 293 सीटों का रुझान

3 बजकर 10 मिनट तक के चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल की 293 सीटों का रुझान इस प्रकार है-

भाजपा: 194 सीटों पर आगे

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी): 93 सीटों पर बढ़त

कांग्रेस: 2 सीटों पर बढ़त

आम जनता उन्नयन पार्टी: 2 सीटों पर बढ़त

सीपीआई(एम): 1 सीट पर आगे

एआईएसएफ: 1 सीट पर आगे

इन आंकड़ों के अनुसार, भाजपा पश्चिम बंगाल में स्पष्ट बढ़त बनाए हुए है और राज्य की राजनीतिक दिशा पर इसका बड़ा असर पड़ सकता है।

Location :  New Delhi

Published :  4 May 2026, 4:43 PM IST