हिंदी
कोलकाता में गृह मंत्री अमित शाह ने ममता सरकार के खिलाफ 14 आरोपों वाली ‘चार्जशीट’ जारी की। भ्रष्टाचार, घुसपैठ और तुष्टीकरण को मुद्दा बनाते हुए शाह ने ममता बनर्जी के ‘विक्टिम कार्ड’ पर जमकर निशाना साधा। पूरी खबर पढ़ें..
बंगाल में शाह की हुंकार (source: google)
Kolkata: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को पश्चिम बंगाल पहुंचे, जहां उन्होंने एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सीएम ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने टीएमसी सरकार के 15 वर्षों के शासन पर 14 गंभीर आरोपों वाली एक 'चार्जशीट' भी जारी की। उन्होंने सीएम ममता बनर्जी का जिक्र करते हुए कहा कि वो हमेशा ही 'विक्टिम कार्ड' खेलती हैं। लेकिन, अब इस तरह की स्थिति को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कभी पैर में चोट, कभी सिर पर पट्टी तो कभी चुनाव आयोग को कोसना-बंगाल की जनता अब इस राजनीति को समझ चुकी है और अब बदलाव का पूरा मन बना लिया है।
साथ ही, अमित शाह ने आगामी विधानसभा चुनाव को केवल सत्ता का संघर्ष नहीं, बल्कि 'भय से मुक्ति' का चुनाव भी करार दिया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता को अब यह तय करना है कि उन्हें टीएमसी का 'डर' चाहिए या भाजपा का 'भरोसा'।
गृह मंत्री ने घुसपैठ के मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल देश का इकलौता ऐसा राज्य बन गया है, जहां से घुसपैठियों को रास्ता मिलता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे देश की सुरक्षा सीधे तौर पर बंगाल के इन चुनावों से जुड़ी हुई है।
चार्जशीट का जिक्र करते हुए अमित शाह ने स्पष्ट किया कि यह किसी राजनीतिक दल का दस्तावेज नहीं, बल्कि बंगाल की जनता के मुद्दों की आवाज है। उन्होंने ममता राज में 'भय, भ्रष्टाचार और भेदभाव' की राजनीति करने का आरोप लगाया।
वहीं, उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पार्टी ने अब बंगाल की आर्थिक बदहाली और अराजकता को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। उनके अनुसार, भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता इस बात का प्रमाण है कि बंगाल में टीएमसी का प्रभाव अब खत्म होने की ओर है।