
वर्षा तुरकर का फाइल फोटो (Image: X)
मृतका की पहचान 35 वर्षीय वर्षा तुरकर (सैयद), पति समर सैयद, निवासी पुणे के रूप में हुई है। वर्षा पुणे में एयर होस्टेस के पद पर कार्यरत थीं। साल 2024 में समर सैयद से प्रेम विवाह करने के बाद वह पुणे में ही रहने लगी थी। उनकी ढाई साल की एक बेटी भी है। दीपावली के अवसर पर वर्षा अपनी बेटी के साथ मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के किन्ही स्थित अपने मायके आई हुई थी। पढ़ाई के दौरान वर्षा की पहचान गोंदिया निवासी रितेश अग्रवाल से हुई थी। 14 नवंबर को रितेश उनसे मिलने किन्ही पहुंचा था। इसके बाद शाम को दोनों महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बोंडरानी स्थित वैनगंगा नदी के तट पर मंदिर के पास जंगल की ओर घूमने गए थे। इसी दौरान उनके साथ यह वारदात हो गई।
बताया गया कि 14 नवंबर की शाम करीब 6 बजे रितेश अग्रवाल ने वर्षा के बहनोई अश्विनी उर्फ पप्पू पटले (निवासी नवेगांव) को फोन किया। उसने बताया कि उनके साथ लूटपाट हुई है और कुछ अज्ञात लोगों ने वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही अश्विनी परिजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां वर्षा खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल हालत में मिलीं। परिजन उन्हें तत्काल बालाघाट जिले के खैरलांजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, शाम करीब 7 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हमले में वर्षा की पीठ पर धारदार हथियार से चार गहरे घाव किए गए थे।
घटनास्थल महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना क्षेत्र में होने के कारण खैरलांजी पुलिस ने तत्काल महाराष्ट्र पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दौनीवाड़ा पुलिस ने घटना के समय वर्षा के साथ मौजूद रहे रितेश अग्रवाल और उनके बहनोई अश्विनी उर्फ पप्पू पटले को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। पुलिस दोनों के बयानों की पुष्टि कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वास्तव में वारदात लूटपाट के दौरान हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है।
वारासिवनी थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके ने बताया कि खैरलांजी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर मर्ग कायम कर लिया गया है। मामले की केस डायरी आगे की जांच के लिए महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाने भेजी जा रही है। 15 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे पोस्टमार्टम के बाद वर्षा का शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, मृतका के पिता धुरंलाल तुरकर ने बेटी की हत्या की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की है। फिलहाल महाराष्ट्र पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Location : Maharashtra
Published : 15 November 2026, 5:35 PM IST