दिल्ली-NCR में सुबह की बारिश ने बढ़ाई टेंशन, UP-बिहार से बंगाल तक IMD का बड़ा अलर्ट

Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मानसून फिर सक्रिय है। दिल्ली-NCR में सुबह बारिश हुई, जबकि उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट है। IMD ने 22 अगस्त को कई राज्यों में बहुत भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 22 August 2026, 7:50 AM IST

New Delhi: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। बंगाल की खाड़ी और मध्य भारत में बने मौसम प्रणालियों के कारण कई राज्यों में बारिश का दौर तेज हो गया है। 22 अगस्त 2026 को दिल्ली-NCR में सुबह बारिश देखने को मिली। वहीं, उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा तक मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-NCR में सुबह-सुबह बारिश

दिल्ली-NCR में शनिवार सुबह कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। IMD के अनुसार, 22 अगस्त को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट और मौसम सुहावना होने के साथ जलभराव की समस्या भी सामने आ सकती है।

UP-बिहार में भी बरसेंगे बदरा

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22 से 24 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। 22 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। बिहार में 22 से 24 अगस्त तक बारिश की संभावना है, जबकि 22 से 25 अगस्त के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है। नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

MP और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 22 अगस्त को अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है। 23 से 26 अगस्त तक भी भारी बारिश जारी रह सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 25 अगस्त और छत्तीसगढ़ में 27 अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान है। कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी है।

बंगाल और ओडिशा में भी खतरा

पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड और ओडिशा में बारिश का दौर जारी रहेगा। ओडिशा में 22-23 अगस्त को भारी और 24-27 अगस्त के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। झारखंड में 23 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है। पश्चिम बंगाल में गरज-चमक और बिजली गिरने की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

पहाड़ी राज्यों में भी बारिश जारी

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश का दौर बना रहेगा। उत्तराखंड में 27 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है और कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Delhi Weather Today: दिल्ली में गिरा पारा, आज फिर बरसेंगे बादल या मिलेगी उमस से राहत? जानें मौसम का पूरा अपडेट

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत का क्या हाल?

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कई दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं, कोंकण-गोवा में 27 अगस्त तक व्यापक बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत में बारिश अपेक्षाकृत कमजोर रहेगी, हालांकि केरल, माहे और तटीय कर्नाटक में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

Location :  New Delhi

Published :  22 August 2026, 7:50 AM IST