हिंदी
भारतीय सर्राफा बाजार में तूफान (Img- Pinterest)
New Delhi: अक्सर जब देश में सोने के दाम बढ़ते हैं, तो लोग इसे शादी-ब्याह या त्योहारों की मांग से जोड़कर देखते हैं। लेकिन इस बार सोने-चांदी की कीमतों में आई भारी तेजी की डोर भारत से नहीं, बल्कि अमेरिका की तिजोरी से जुड़ी है।
अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने सरकारी कर्ज (बॉन्ड) को वापस खरीदने (बायबैक) का दायरा बढ़ाने का संकेत दिया है। अमेरिका के इस एक कदम ने बॉन्ड यील्ड और अमेरिकी डॉलर को कमजोर कर दिया, जिससे दुनियाभर के निवेशकों ने अपने पैसे को सुरक्षित रखने के लिए सोने-चांदी की ओर मोड़ दिया है।
22 अगस्त की सुबह देश के सर्राफा बाजारों में गजब की हलचल देखने को मिली। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना उछलकर 1,60,640 रुपये प्रति 10 ग्राम के आंकड़े को पार कर गया, जबकि 22 कैरेट सोने का भाव 1,47,260 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया।
मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद और चेन्नई जैसे बड़े शहरों में भी 24 कैरेट सोना 1,60,490 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड $4,600.91 प्रति औंस के पार चला गया है।
केवल सोना ही नहीं, बल्कि चांदी की कीमतों में भी भारी उछाल दर्ज किया गया है। देश में चांदी का भाव बढ़कर 2,60,100 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी $69.87 प्रति औंस पर ट्रेड कर रही है।
जब तक अमेरिकी डॉलर पर दबाव बना रहेगा और वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता रहेगी, तब तक कीमती धातुओं में यह तेजी कायम रह सकती है। ऐसे में अगर आप गहने खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो वैश्विक संकेतों पर नजर रखना बेहद जरूरी है।
Location : New delhi
Published : 22 August 2026, 9:08 AM IST