हिंदी
तेज हवाओं के साथ भूस्खलन की चेतावनी (Img- Pinterest)
New Delhi: देश भर में मौसम का मिजाज अचानक बेहद खतरनाक मोड़ ले चुका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के भीतर देश के 13 राज्यों में भारी बारिश और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार हवाओं की गंभीर चेतावनी दी है।
एक तरफ जहां कई राज्यों से मानसून धीरे-धीरे रुखसत हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ जाते-जाते यह अपनी भयावह मौजूदगी दर्ज करा रहा है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मलबे के खतरे को देखते हुए लोगों से बेवजह सफर न करने की अपील की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया कम दबाव का क्षेत्र बन चुका है। यह सिस्टम अगले 48 घंटों में और ताकतवर होकर डिप्रेशन और फिर 'डीप डिप्रेशन' में तब्दील हो जाएगा। 23 सितंबर की सुबह तक यह आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों से टकराएगा। इसके असर से 24 सितंबर को ओडिशा और छत्तीसगढ़ समेत आसपास के इलाकों में आफत की बारिश हो सकती है।
राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों से मानसून पूरी तरह वापस लौट चुका है। दिल्ली, हिमाचल और उत्तराखंड में भी अगले दो-तीन दिनों में मानसून विदा हो जाएगा। दिल्ली में आज और आने वाले दिनों में धूप खिली रहेगी। हालांकि, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, देवरिया और वाराणसी जैसे पूर्वी जिलों में आज हल्की बारिश होगी, जो 24 सितंबर से तेज रफ्तार पकड़ सकती है।
झारखंड के रांची, धनबाद और हजारीबाग समेत दर्जनों जिलों में 26 सितंबर तक मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। बिहार में आज और कल हल्की फुल्की बौछारें पड़ेंगी, लेकिन 24 और 25 सितंबर को भारी बारिश का अंदेशा है। उधर उत्तराखंड के देहरादून और नैनीताल जैसे इलाकों में बारिश का दायरा बढ़ने से पहाड़ों के खिसकने का खतरा बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
Location : New Delhi
Published : 22 September 2026, 7:41 AM IST