हिंदी
मौसम का यू-टर्न (Img- Pinterest)
New Delhi: अगर आप आज कहीं बाहर जाने का मन बना रहे हैं या सफर की योजना तैयार कर रहे हैं, तो रुकिए! कुदरत का मिजाज एक बार फिर खतरनाक रुख अख्तियार करने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने 28 सितंबर को देश के 18 राज्यों में आंधी, बिजली और मूसलाधार बारिश की गंभीर चेतावनी जारी की है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफानी हवाएं चलने की आशंका है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, म्यांमार के तटीय इलाकों में 27 सितंबर को बना कम दबाव का क्षेत्र (Low-Pressure Area) अब और मजबूत हो रहा है। अगले 24 घंटों में इसके अंडमान सागर और म्यांमार के इरावदी डेल्टा की तरफ बढ़ने की संभावना है। इसके बाद यह चक्रवाती सिस्टम उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी की ओर रुख करेगा। इसी कारण देश के बड़े हिस्से में मौसम ने अचानक यह खतरनाक मोड़ लिया है।
36 घंटे से हो रही बारिश ने रोकी नैनीताल की रफ्तार; सड़कें बंद और बिजली गुल; ठंड ने भी बढ़ाई परेशानी
मौसम विभाग ने जिन 18 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है, उनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, गुजरात और महाराष्ट्र शामिल हैं। इसके अलावा पूर्वोत्तर के राज्यों असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और दक्षिण भारत के भी कई इलाकों में हल्की से भारी बारिश और बिजली गिरने का अंदेशा है।
पहाड़ी राज्यों में हालात सबसे ज्यादा नाजुक बने हुए हैं। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों में अचानक बाढ़ (Flash Flood) और भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, सिरमौर और किन्नौर में भी नदी-नाले उफान पर आ सकते हैं। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को नदी तटों और ढलान वाले इलाकों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।
मौसम की मार से बलरामपुर बेहाल, आंधी-बारिश के बाद डीएम ने उठाया बड़ा कदम
दिल्ली-NCR में आज हल्के बादल छाए रहने और बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि 29 सितंबर से आसमान साफ हो जाएगा। उत्तर प्रदेश में बारिश की तीव्रता में कमी आएगी, हालांकि बीते दिनों हुई तबाही से राहत मिलने में समय लगेगा। वहीं बिहार और झारखंड में 1 अक्टूबर तक आंधी और गर्जना के साथ बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मध्य प्रदेश में भी 30 सितंबर तक झमाझम बारिश से राहत के आसार नहीं हैं।
Location : New Delhi
Published : 28 September 2026, 7:51 AM IST