मुंबई से वाराणसी जा रही ट्रेन में दंपति से बदसलूकी, मारपीट के साथ 10 लाख से ज्यादा की चोरी का आरोप

मुंबई से वाराणसी जा रही एलटीटी-बनारस एक्सप्रेस में सीट विवाद को लेकर दंपति से मारपीट, गाली-गलौज और चलती ट्रेन से बाहर फेंकने की धमकी देने का मामला सामने आया है। यात्रा के बाद ट्रॉली बैग से 10.53 लाख रुपये के गहने और नकदी गायब मिली। रेलवे पुलिस जांच में जुटी है।

Updated : 22 May 2026, 3:51 PM IST
google-preferred

Mumbai: मुंबई से वाराणसी जा रही एलटीटी-बनारस एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12167) में यात्रा के दौरान सीट को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ यात्रियों ने एक दंपति के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, साथ ही उन्हें चलती ट्रेन से बाहर फेंकने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, यात्रा के बाद दंपति के बैग से लाखों रुपये के गहने और नकदी गायब मिलने का मामला भी सामने आया है। इस घटना के बाद एलटीटी रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरक्षित सीट पर बैठे थे 5 से 6 यात्री

शिकायत के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 की रात श्रीकांत शितलीप्रसाद मिश्रा अपनी पत्नी के साथ एलटीटी-बनारस एक्सप्रेस के S8 कोच में यात्रा कर रहे थे। जब दोनों अपनी आरक्षित सीट पर पहुंचे तो वहां पहले से 5 से 6 अज्ञात यात्री बैठे हुए थे। मिश्रा दंपति ने सीट खाली करने को कहा तो इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

बताया गया है कि पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला गाली-गलौज और धमकियों तक पहुंच गया। आरोप है कि उन यात्रियों ने दंपति को डराने-धमकाने की कोशिश की और चलती ट्रेन से बाहर फेंकने तक की धमकी दी।

Mumbai-Hyderabad Bullet Train: मुंबई से हैदराबाद सिर्फ 3 घंटे में! फाइनल हुई बुलेट ट्रेन की DPR, जानें रूट और स्टेशनों की डिटेल

सामान फेंकने और धक्का-मुक्की का आरोप

पीड़ित के मुताबिक, विवाद के दौरान एक यात्री ने उनका सामान उठाकर कोच के कोने में फेंक दिया। इससे कोच में तनाव का माहौल बन गया। बाद में सीट खाली कराई गई, लेकिन यात्रा के दौरान दोबारा विवाद शुरू हो गया।

जानकारी के मुताबिक, कल्याण स्टेशन के पास दंपति के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। हालांकि किसी तरह दोनों ने यात्रा पूरी की, लेकिन पूरे सफर के दौरान वे डरे और तनाव में रहे।

ट्रॉली बैग से गायब मिले लाखों के गहने

यात्रा समाप्त होने के बाद दंपति को एक और बड़ा झटका लगा। जब उन्होंने अपने ट्रॉली बैग की जांच की तो उसमें रखे सोने-चांदी के गहने और नकदी गायब मिले। चोरी हुए सामान में तीन मंगलसूत्र, सोने की चेन, अंगूठियां, चांदी के आभूषण और 80 हजार रुपये नकद शामिल बताए गए हैं।

पीड़ित के अनुसार, चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 10.53 लाख रुपये है। इतनी बड़ी चोरी सामने आने के बाद दंपति ने रेलवे पुलिस से संपर्क किया।

Delhi-Mumbai के बाद अहमदाबाद के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, हाई अलर्ट पर पुलिस

19 मई को दर्ज हुई शिकायत

जानकारी के अनुसार, मिश्रा दंपति 26 अप्रैल को वाराणसी पहुंचे थे। घर लौटने के बाद उन्हें सामान चोरी होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत 19 मई को एलटीटी रेलवे पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई।

रेलवे पुलिस ने इस मामले में तीन अज्ञात यात्रियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।

Location :  Mumbai

Published :  22 May 2026, 3:23 PM IST

Advertisement