Ganeshotsav 2026: लालबाग में श्रद्धालुओं की सजगता से फेल हुआ चोरों का प्लान, पुलिस ने रंगे हाथ दबोचा

लालबागचा राजा के दर्शन की लाइन में जेबकतरों ने श्रद्धालुओं के लाखों के गहने और मोबाइल उड़ाए। एक सजग भक्त के शोर मचाने पर दो आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए। पुलिस अब पूरे गिरोह का पता लगाने में जुटी है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 16 September 2026, 2:10 PM IST
google-preferred

Mumbai: मुंबई के सुप्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा हुआ है। दिन-रात लाखों की संख्या में श्रद्धालु अपने आराध्य की एक झलक पाने के लिए घंटों लाइन में खड़े हैं। लेकिन इस भारी आस्था और भीड़ का फायदा उठाने के लिए कुछ शातिर अपराधी और जेबकतरे भी सक्रिय हो गए हैं। हाल ही में दर्शन की कतार में चोरी की कई ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिसने भक्तों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भक्त मांगते रहे मन्नत, चोरों ने उड़ा दिए लाखों के गहने

14 सितंबर को लालबाग इलाके में कुबल मसाला के पास दर्शन लाइन में अचानक चोरों ने एक के बाद एक कई वारदातों को अंजाम दिया। लालबाग की ही रहने वाली 67 वर्षीय वर्षा फोपळे जब लाइन में खड़ी होकर अपनी साड़ी ठीक कर रही थीं, तभी उन्हें अहसास हुआ कि उनके गले से 70 हजार रुपये मूल्य की 10 ग्राम सोने की माला गायब है।

अभी पुलिस इस मामले की गुत्थी सुलझा ही रही थी कि सायन कोलीवाड़ा के धनंजय बालसराफ भी कालाचौकी पुलिस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने बताया कि उसी दर्शन लाइन में किसी ने उनके गले से 90 हजार रुपये की सोने की चेन पार कर दी।

Video: मायानगरी में मानसूनी तबाही, महज दो घंटे की झमाझम बारिश से जलमग्न हुई मुंबई की सड़कें

एक सजग भक्त का शोर और भीड़ का एक्शन

चोरी की इस श्रृंखला में तीसरा शिकार बने मालाड के सिक्योरिटी गार्ड माइकल नाडर। दर्शन लाइन में खड़े माइकल की जेब से दो संदिग्धों ने 25 हजार का मोबाइल और 2,300 रुपये नकद निकाल लिए। हालांकि, इस बार चोरों की चालाकी काम न आई। माइकल को तुरंत जेब खाली होने का अहसास हुआ और उन्होंने बिना वक्त गंवाए 'चोर-चोर' चिल्लाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनते ही आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने भाग रहे दोनों संदिग्धों को दौड़ाकर दबोच लिया।

पुलिस ने भीड़ से बचाकर किया गिरफ्तार

गुस्साई भीड़ ने पकड़े गए दोनों आरोपियों की जमकर धुनाई कर दी। इसी बीच इलाके में गश्त कर रही कालाचौकी पुलिस की सादे कपड़ों में मौजूद टीम मौके पर पहुंच गई और आरोपियों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इंदौर (मध्य प्रदेश) निवासी आरिफ गुज्जर (24) और सोमनाथ राठौड़ (23) के रूप में हुई है।

सिंहासन पर विराजे मुंबई के विघ्नहर्ता: लालबागचा राजा का पहला लुक आउट, इस बार इको-फ्रेंडली टच भी खास

क्या मुंबई में सक्रिय है बाहरी राज्यों का कोई बड़ा सिंडिकेट?

कालाचौकी पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि क्या ये आरोपी अकेले काम कर रहे थे या मध्य प्रदेश से कोई बड़ा गिरोह मुंबई के गणेशोत्सव में चोरी करने आया है। पुलिस प्रशासन ने गणेश भक्तों से अपील की है कि वे दर्शन लाइन में अपने मोबाइल, पर्स और गहनों का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।

Location :  Mumbai

Published :  16 September 2026, 2:10 PM IST

Advertisement