मुंबई में ब्रांडेड दावों की खुली पोल: 148 पन्नों की रिपोर्ट के बाद भी McDonald’s और 13 आउटलेट्स पर चला FDA का हंटर

मुंबई FDA ने McDonald's और बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब समेत 13 आउटलेट्स के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं। 148 पन्नों की रिपोर्ट जमा करने के बावजूद री-इंस्पेक्शन में कॉकरोच, गंदगी और असली पनीर की जगह प्रोसेस्ड सॉस के इस्तेमाल का पर्दाफाश हुआ।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 22 August 2026, 8:21 AM IST

Mumbai: बड़े फूड ब्रांड्स और प्रीमियम वीआईपी क्लब्स कागजों पर सफाई और सुरक्षा मानकों का कितना भी दावा कर लें, लेकिन जब बात जमीनी हकीकत की आती है तो वहां सिर्फ मक्खियां और मरे हुए कॉकरोच मिलते हैं।

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दक्षिण मुंबई के मशहूर बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब और कोलाबा स्थित McDonald's समेत राज्य के 13 बड़े खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। यह कार्रवाई यह साबित करती है कि बड़ी-बड़ी कागजी रिपोर्ट जमा करने से ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ का सच छुप नहीं सकता।

148 पन्नों का दावा, लेकिन री-इंस्पेक्शन में फेल

कोलाबा स्थित मेट्रो हाउस के McDonald's (हार्डकैसल रेस्टोरेंट्स) ने 12 अगस्त को FDA को 148 पन्नों की एक विस्तृत अनुपालन (कंप्लायंस) रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें दावा किया गया था कि सभी कमियां दूर कर ली गई हैं।

हालांकि, जब 19 अगस्त को टीम ने दोबारा औचक निरीक्षण किया, तो 20 में से 18 गंभीर कमियां वैसी की वैसी ही पाई गईं। रेस्टोरेंट में न केवल तापमान नियंत्रित करने वाले उपकरण खराब थे, बल्कि रसोई में जीवित कॉकरोच, गंदगी और अपशिष्ट पड़ा मिला। इतना ही नहीं, कर्मचारी बिना हाथ धोए खाने के लिए तैयार सामग्री को छू रहे थे।

मुंबई में रूह कंपाने वाला हादसा, आईफोन की जिद्द ने उजाड़ा परिवार, एक साथ उठी तीन अर्थियां, पूरे गांव में सन्नाटा

असली चीज का धोखा और क्लब रसोई की दुर्दशा

जांच में एक और चौंकाने वाला सच सामने आया ग्राहकों को 'असली चीज और पनीर' देने की जानकारी देकर गैर-डेयरी उत्पाद 'गो चीज सॉस' परोसा जा रहा था। वहीं दूसरी तरफ, दक्षिण मुंबई के एलीट बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब में 47 प्रतिशत नियमों का उल्लंघन मिला।

क्लब की रसोई में भारी तादाद में जीवित मक्खियां, मरे कॉकरोच, फर्श पर रखा खाना, रसोई के पास रसायन और दीवारों पर उखड़ा हुआ पेंट पाया गया, जिसके बाद इसके खरीद-बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई।

पूरे राज्य में FDA का बड़ा क्रैकडाउन

FDA ने अपने अभियान के तहत कुल 89 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जिनमें से 71 को सुधार नोटिस जारी किए गए। मलाड के नोवारा रेस्तरां (इनजेनियस किचन्स) ने 25 में से 14 कमियों का समाधान नहीं किया था, इसलिए उसका लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया।

बाथरूम में फिसली नहीं, मार डाली गई बहू! मुंबई में सास ने नौकरानी के परिवार को 3 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या

नरीमन प्वाइंट के स्टेटस रेस्तरां में बर्तन धोते समय चेहरा धोने का पानी बर्तनों पर गिरते देखा गया। इसके अलावा खार जिमखाना, अंधेरी के एएसएम होटल्स, नागपुर के ड्यू ब्रदर्स शावरमा, नासिक के अवंती स्नैक्स, अमरावती के पिंटू यादव स्वीट्स, और छत्रपति संभाजीनगर व परभणी के तीन अन्य बड़े आउटलेट्स पर भी सख्त कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।

Location :  Mumbai

Published :  22 August 2026, 8:21 AM IST