
पुलिस की गिरफ्त में खूंखार आरोपी (Img- Internet)
Mumbai: मुंबई के आरसीएफ-चेंबूर इलाके से आई घरेलू हिंसा और जानलेवा हमले की रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। अपनी पत्नी को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और पूरे ससुराल पक्ष पर चाकू से हमला करने वाले शातिर व तड़ीपार आरोपी अरबाज अनवर अली सय्यद को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
इस खूंखार अपराधी की गिरफ्तारी के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।
यह दिल दहला देने वाला मामला चेंबूर के वाशीनाका क्षेत्र का है। पीड़ित 25 वर्षीय महिला ने पुलिस को दिए अपने बयान में आरोपी पति की बर्बरता की जो कहानी सुनाई, उसने कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोपी अरबाज बकरीद के बहाने अपनी पत्नी को विजय नगर इलाके में ले गया था।
वहां पहुंचते ही उसने अपनी असली रंग दिखाया और महिला को एक कमरे में बंधक बना लिया। आरोपी ने न सिर्फ बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई की, बल्कि करीब चार घंटे तक उसे 'मुर्गा' बनाकर खड़े रहने पर मजबूर किया। इस दौरान उसने महिला को तलवार से काटने और चेहरे पर एसिड फेंकने की भी धमकी दी।
रात के वक्त पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर भागने में सफल रही और सीधे अपने पिता के घर पहुंची। लेकिन आरोपी का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ। वह हथियारों से लैस होकर पीड़िता के मायके भी पहुंच गया। वहां उसने पीड़ित महिला, उसके पिता और भाई पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
जब महिला की बहन बीच-बचाव करने आई, तो आरोपी ने उसे भी लातों से पीटा। चीख-पुकार सुनकर जब आस-पास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी ने हवा में चाकू लहराकर पूरे मोहल्ले को जान से मारने की धमकी दी और दहशत फैला दी।
आरसीएफ थाना पुलिस ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। आरोपी अरबाज कोई साधारण अपराधी नहीं है, उसके खिलाफ पहले से ही 18 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसके चलते पुलिस ने उसे दिसंबर 2025 में शहर से तड़ीपार (जिलाबदर) कर दिया था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि तड़ीपार होने के बावजूद वह शहर में कैसे दाखिल हुआ।
130 साल पुरानी इमारत बनी मौत का जाल? मुंबई की स्वदेशी मार्केट में खतरे के बीच जारी कारोबार
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) समेत कई गंभीर और गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। कोर्ट से उसे कड़े रिमांड पर लेने की कोशिश की जा रही है।
Location : Mumbai
Published : 31 May 2026, 12:58 PM IST