नागपुर में बड़ा हादसा: वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से क्लोरीन गैस लीक, 52 लोग बीमार; कई अस्पताल में भर्ती

नागपुर में सोमवार (24 अगस्त 2026) तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। गोधनी इलाके के Water Treatment Plant से क्लोरीन गैस लीक होने के बाद आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। जहरीली गैस की चपेट में आने से 50 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 24 August 2026, 11:43 AM IST

Nagpur: महाराष्ट्र के नागपुर में सोमवार (24 अगस्त 2026) तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। गोधनी इलाके के Water Treatment Plant से क्लोरीन गैस लीक होने के बाद आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। जहरीली गैस की चपेट में आने से 50 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

यह घटना महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के गोधनी नगर पंचायत Water Treatment Plant में रात करीब 1 बजे हुई।

900 किलो के क्लोरीन सिलेंडर से हुआ रिसाव

जानकारी के मुताबिक, प्लांट में रखे 900 किलो क्षमता वाले क्लोरीन सिलेंडर की दीवार में खराबी या रिसाव के कारण गैस बाहर निकलने लगी।

देखते ही देखते क्लोरीन गैस हवा में फैल गई और आसपास की रिहायशी बस्तियों तक पहुंच गई। गैस का असर कलेक्टर कॉलोनी और फागो पाटिल लेआउट जैसे इलाकों में भी महसूस किया गया।

52 लोगों की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

क्लोरीन गैस के संपर्क में आने से करीब 52 लोगों की हालत खराब हुई। इनमें वॉटर प्लांट के कर्मचारी और आसपास रहने वाले स्थानीय लोग शामिल हैं।

गैस के कारण लोगों को:

  • तेज खांसी
  • आंखों में जलन
  • सांस लेने में परेशानी
  • घबराहट और बेचैनी

जैसी समस्याएं होने लगीं।

प्रभावित लोगों को नागपुर के स्पर्श हॉस्पिटल और मेयो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इनमें से कुछ मरीजों को ICU में रखा गया, जबकि इलाज के बाद कई लोगों को छुट्टी दे दी गई। प्रशासन के अनुसार फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर है।

200 मीटर का इलाका सील, लोगों को सुरक्षित भेजा गया

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। प्लांट के आसपास करीब 200 मीटर के क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर सील कर दिया गया।

आसपास रहने वाले लोगों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।

NDRF और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही नागपुर नगर निगम की फायर ब्रिगेड टीम, ऑरेंज सिटी वॉटर (OCW) कर्मचारी और NDRF Team मौके पर पहुंची।

रेस्क्यू टीम ने गैस रिसाव रोकने के लिए तुरंत कार्रवाई शुरू की। सुबह करीब 5:30 बजे 900 किलो के क्लोरीन सिलेंडर को कॉस्टिक सोडा (Caustic Soda) से भरे पानी के टैंक में डुबोया गया, जिससे गैस का प्रभाव खत्म किया जा सका।

पुलिस कर रही मामले की जांच

मानकापुर पुलिस के अनुसार अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इलाके में गैस का असर काफी कम हो चुका है और राहत कार्य पूरा कर लिया गया है।

पुलिस ने क्लोरीन गैस रिसाव के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Location :  Nagpur

Published :  24 August 2026, 11:43 AM IST